JHANSI NEWS: श्री लक्ष्मी व्यायाम मंदिर के तत्वावधान में योग में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर गोल्ड मेडल प्राप्त करने वाली छात्रा चंचल पाठक का नागरिक अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय सांसद अनुराग शर्मा रहे। समारोह की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष अशोक गुप्ता ने की, जबकि उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष संजय पटवारी एवं हरिशंकर कुशवाहा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। ज्ञात हो कि मलेशिया में आयोजित 11वीं वर्ल्ड योगा चैंपियनशिप में श्री लक्ष्मी व्यायाम मंदिर की छात्रा चंचल पाठक ने गोल्ड मेडल प्राप्त कर झांसी, बुंदेलखंड, उत्तर प्रदेश एवं देश का नाम रोशन किया है। मुख्य अतिथि सांसद अनुराग शर्मा ने कहा कि श्री लक्ष्मी व्यायाम मंदिर संस्था लंबे समय से जिम्नास्टिक, योग, मलखंभ, क्रिकेट, हॉकी, कबड्डी सहित विभिन्न खेलों में बच्चों को प्रशिक्षण देकर राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार कर रही है। उन्होंने कहा कि संस्था की यह उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। इस अवसर पर सांसद अनुराग शर्मा ने चंचल पाठक को सम्मान पत्र, मोमेंटो, शॉल एवं 21 हजार रुपये की नगद पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया। साथ ही उनके कोच शिवानी पाठक को 5 हजार रुपये की सम्मान राशि प्रदान की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे अशोक गुप्ता ने कहा कि संस्था प्रतिदिन लगभग डेढ़ सौ बच्चों को निशुल्क प्रशिक्षण देकर उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर का खिलाड़ी बनाने का कार्य कर रही है।
विशिष्ट अतिथि संजय पटवारी एवं हरिशंकर कुशवाहा ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए चंचल पाठक की उपलब्धि को प्रेरणादायी बताया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से गिरजा शंकर तिवारी, राम प्रकाश अग्रवाल, देवी सिंह कुशवाहा, गजानन खानवलकर, के.के. गुप्ता, सुबोध खांडेकर, के.के. अग्रवाल एवं सिद्धार्थ अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मुख्य शिक्षक केशव कुमार ने किया तथा आभार महामंत्री जगदीश कौशल ने व्यक्त किया।







