PRATAPGARH NEWS : प्रताड़ना से जहरीला पदार्थ खाने से युवक की हुई मौत को लेकर पुलिस ने आरोपिता पत्नी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने को लेकर केस दर्ज किया है। लालगंज कोतवाली के सारीपुर, श्रीरामपुर निवासी रामू वर्मा 31 पुत्र माता प्रसाद अपनी ससुराल कोतवाली क्षेत्र के ही मधुकरपुर गांव बीती पांच मई की शाम को गया था। इस बीच मृतक की ससुराल से घर पर फोन आया कि उसकी तबीयत खराब हो गयी है। इस पर मृतक की मां ने बेटी से भाई के बीमार होने की बात बतायी। बेटी ने हाल चाल जानने के लिए मृतक की पत्नी उषा देवी को फोन किया तब उसने बताया कि बीमारी अवस्था में रामू का इलाज कराने लालगंज के लिए निकले है। इस बीच मृतक की मां कौशिल्या देवी परिजनों के साथ लालगंज ट्रामा सेंटर पहुंच गयी। वहां पुत्र को मृत अवस्था में देख वह स्तब्ध रह गयी। इस बीच मृतक के ससुरालीजन अस्पताल से भाग निकले। तहरीर में मृतका की मां ने आरोप लगाया है कि उसकी बहू उषा देवी का दिल्ली शहर में किसी लड़के से अवैध सम्बन्ध था। इसके कारण आये दिन बहू उसके बेटे को प्रताड़ित करती थी। घटना के एक दिन पहले भी मृतक को पत्नी द्वारा प्रताडित किये जाने की बात तहरीर में कही गयी है। वहीं तहरीर में कहा गया है कि मृतक की पत्नी ने जरिए फोन अपने पति को घर बुलवाया और जमकर प्रताड़ित किया। प्रताड़ना के चलते उसके बेटे ने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपिता उषा के खिलाफ केस दर्ज किया है। मृतक तीन बच्चों का पिता था। इधर सूचना पर पुलिस ने शव को मंगलवार की देर रात पीएम के लिए जिला मुख्यालय भेजवाया। पीएम के बाद शव दोपहर घर पहुंचा तब कोहराम मच गया। मृतक का एक भाई कारोबारी के सिलसिले में बाहर रहता है। परिजनों के मुताबिक शव का अंतिम संस्कार गुरूवार को किया जाएगा। प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार का कहना है कि केस दर्ज किया गया है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी।





