Home उत्तर प्रदेश जनपद भर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनी बाबा साहब की...

जनपद भर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनी बाबा साहब की 135वीं जयंती

कलेक्ट्रेट में डीएम ने किया माल्यार्पण
FATEHPUR NEWS:  भारत रत्न डॉ भीमराव अम्बेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर जनपद के सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी कार्यालयों में श्रद्धा, उत्साह और गरिमामय वातावरण के बीच विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन ने बाबा साहब को याद करते हुए उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह ने बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी पुष्प अर्पित कर बाबा साहब के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. अम्बेडकर का जीवन संघर्ष, समर्पण और ज्ञान का प्रतीक है। उन्होंने राजनीतिक, सामाजिक, आर्थिक, धार्मिक और संवैधानिक क्षेत्रों में जो कार्य किए, वे आज भी समाज के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने कहा कि बाबा साहब एक ऐसे भारत की कल्पना करते थे, जहां सभी नागरिकों को बिना किसी भेदभाव के समान अधिकार और अवसर प्राप्त हों। जिलाधिकारी ने आगे कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाए रखने के लिए नैतिकता और सामाजिक समरसता का होना अत्यंत आवश्यक है। बाबा साहब ने अपने विचारों और कार्यों के माध्यम से इन मूल्यों को स्थापित करने का कार्य किया। आज के समय में उनके सिद्धांतों को अपनाना और भी अधिक जरूरी हो गया है। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) डॉ. अविनाश त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) सुनील कुमार सहित अन्य अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण मौजूद रहे। सभी ने बाबा साहब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
जनपद के अन्य कार्यालयों, संस्थानों और विभिन्न स्थानों पर भी जयंती के अवसर पर गोष्ठियों, विचार-विमर्श और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। वक्ताओं ने बाबा साहब के जीवन संघर्ष, शिक्षा के महत्व और संविधान निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। पूरे जनपद में बाबा साहब की जयंती को लेकर श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला, जहां लोगों ने उनके आदर्शों को अपनाने और समाज में समानता, न्याय और भाईचारे को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।