फरार बेटे की शीघ्र होगी गिरफ्तारी : एसीपी विमल मिश्रा
PRAYAGRAJ NEWS: पुलिस कमिश्नरेट प्रयागराज के सिटी जोन के कर्नलगंज थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक बुजुर्ग की गोली मारकर की गई हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। हालांकि हत्यारोपी अभी पुलिस की पकड़ से दूर है। पुलिस की कई टीमें हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए जुटी हुई है। आई ट्रिपल सी के कैमरे के फुटेज से यह पताचला है कि बुजुर्ग राम दुलारे कोरी की हत्या उसके सबसे छोटे बेटे अखिलेश उर्फ शिवा ने की है। अखिलेश उर्फ शिवा बाइक से अपने दोस्त के साथ आया था और अपने बुजुर्ग पिता की हत्या कर मौके से फरार हो गया। एसीपी कर्नलगंज विमल कुमार मिश्रा ने आज बताया कि मृतक 70 वर्षीय राम दुलारे कोरी ने परिवार न्यायालय में भरण पोषण के लिए वाद दायर किया था जिसमें परिवार न्यायालय द्वारा भरण पोषण दिए जाने का आदेश पारित किया गया था। एसीपी विमल किशोर मिश्र ने बताया कि प्रथम दृष्टया हत्या के पीछे यही मोटिव सामने आ रहा है। एसीपी के मुताबिक हत्यारोपी की पहचान कर ली गई है। पुलिस की कई टीमें हत्यारोपियों की तलाश में जुटी हैं। जल्द हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा। गौरतलब है कि सुबह करीब 6 बजे कर्नलगंज थाना क्षेत्र के पुलिस चौकी विश्वविद्यालय लल्ला चुंगी के पास अज्ञात हमलावरों ने एक बुजुर्ग को गोली मार दी थी। मौके पर पहुंची पीआरवी ने घायल को एसआरएन अस्पताल भेजा था। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। मृतक की शिनाख्त 70 वर्षीय राम दुलारे कोरी के रूप में हुई है। मृतक लाला की सरैया थाना शिवकुटी का रहने वाला था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया था। इसके बाद पुलिस हत्यारोपियों की तलाश के लिए जुटी.







