FATEHPUR NEWS: समाजवादी पार्टी के नेता, पूर्व डीआईजी एवं खागा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी रामतीर्थ परमहंस ने मंगलवार को खागा विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान चलाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने विभिन्न गांवों का भ्रमण कर किसानों और स्थानीय लोगों से बातचीत की। जनसंपर्क अभियान के तहत रामतीर्थ परमहंस सबसे पहले किशनपुर पंप कैनाल गांव पहुंचे, जहां उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने पार्टी के बूथ अध्यक्षों लक्ष्मी नारायण निषाद, अखिलेश चंद्र पटेल, श्री लाल, संजय सिंह पटेल और राजकुमार सहित अन्य कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात कर संगठनात्मक गतिविधियों और क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा की। इसके बाद उन्होंने बम्हरौली, अढ़ौली, गोपालपुर, अजरौली और शुकुलपुर गांवों का दौरा किया। इस दौरान ग्रामीणों ने बिजली, सड़क, सिंचाई तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं उनके सामने रखीं। रामतीर्थ परमहंस ने कहा कि क्षेत्र के किसान समय पर खाद उपलब्ध न होने से परेशान हैं, जिससे खेती-किसानी प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं का समय पर समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि क्षेत्र की जनता वर्तमान सरकार की कार्यप्रणाली से नाराज है और समस्याओं के समाधान की अपेक्षा कर रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी किसानों, युवाओं और आम जनता के हितों की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी तथा उनकी आवाज को हर स्तर पर उठाने का काम करेगी। इस अवसर पर सेक्टर अध्यक्ष रोहित निषाद, संतोष कुमार सिंह उर्फ गुरु, रामसुमेर सरोज सहित पार्टी के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रीय ग्रामीण मौजूद रहे।







