FATEHPUR NEWS: कोतवाली क्षेत्र के महरहा रोड पर रविवार दोपहर एक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया, जहां एक की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल फतेहपुर रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, रविवार को दोपहर करीब 1:00 बजे दला बला खेड़ा (थाना कल्याणपुर) निवासी सुरेंद्र सिंह (पुत्र राजकरण सिंह) और प्रशांत (पुत्र अनिल सिंह) एक ही बाइक से बिंदकी कस्बे की ओर आ रहे थे। इसी दौरान महरहा रोड पर एक छोटा हाथी (लोडर) वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों युवक घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोगों की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सुरेंद्र सिंह की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल फतेहपुर रेफर कर दिया, जबकि दूसरे घायल का इलाज जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।







