FATEHPUR NEWS: सरस्वती बाल विद्या मंदिर, शिवपुरम कॉलोनी में कक्षा 12 के छात्र तेजस उर्फ यशु द्विवेदी की मौत के मामले में पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने पुलिस कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट की है। एसपी ने कहा कि छात्र के परिजनों ने घटना के संबंध में 26 अगस्त की दोपहर तहरीर दी थी। प्रारंभिक जांच के बाद उसी दिन अभियोग दर्ज कर लिया गया था। इसलिए मुकदमा दर्ज करने में 24 या 48 घंटे की देरी के आरोप सही नहीं हैं। एसपी के अनुसार पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज में छात्र 26 अगस्त को विद्यालय जाता और करीब 10:30 से 10:45 बजे के बीच विद्यालय से बाहर निकलता दिखाई दे रहा है। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार परीक्षा के दौरान छात्र और उसके एक सहपाठी के पास नकल से संबंधित पर्ची मिलने पर दोनों को परीक्षा कक्ष से बाहर किया गया था और प्रधानाचार्य ने अनुशासनात्मक कार्रवाई की थी। पुलिस के मुताबिक इसके बाद करीब 11:39 बजे छात्र साइकिल चलाते हुए उस दिशा में जाता दिखाई दिया, जहां बाद में वह मलवां थाना क्षेत्र के सौरा चौकी के पास पानी की टंकी के पास अचेत अवस्था में मिला। करीब 1:40 बजे पुलिस को सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्कूल आईडी के जरिए छात्र की पहचान कर परिजनों को सूचना दी और एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज भेजा। कानपुर रेफर किए जाने के दौरान रास्ते में छात्र की मौत हो गई। एसपी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ऊपरी सीने में चोट, पेट के क्षेत्र में चोट और कुछ पसलियों में फ्रैक्चर सहित अन्य चोटें मिली हैं। अभी तक की जांच में इन चोटों का विद्यालय के अंदर हुई घटना से प्रत्यक्ष संबंध स्पष्ट नहीं हुआ है। हालांकि पुलिस विद्यालय से निकलने के बाद छात्र के अचेत मिलने तक पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि चोटों के कारणों का पता लगाने के लिए क्राइम सीन का री-क्रिएशन कराया जाएगा और मेडिकल बोर्ड से विशेषज्ञ राय ली जाएगी। परिजनों की तहरीर के आधार पर प्रधानाचार्य और विद्यालय प्रबंधक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में प्रधानाचार्य को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। एसपी ने कहा कि जांच में जिस भी व्यक्ति की भूमिका सामने आएगी, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक व भौतिक साक्ष्यों के आधार पर छात्र की मौत के वास्तविक कारण का पता लगाने में जुटी है।







