FATEHPUR NEWS: विकास खंड धाता के ब्लॉक संसाधन केंद्र में शनिवार को खंड शिक्षा अधिकारी संजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में प्रधानाध्यापकों और इंचार्ज प्रधानाध्यापकों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्राथमिक शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, निपुण भारत मिशन और विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में जुलाई माह में एफएलएन (फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरसी) के तहत लिए गए निर्णयों की समीक्षा की गई। खंड शिक्षा अधिकारी ने विद्यालयों में शौचालय, मल्टीपल हैंडवॉश और अन्य आवश्यक सुविधाओं को क्रियाशील रखने के निर्देश दिए। उन्होंने बुनियादी रिमेडियल कार्य और पाठ्यक्रम की नियमित पुनरावृत्ति कराने पर भी जोर दिया। शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा के दौरान मोहर सिंह (एलएलएफ) ने मौखिक भाषा विकास के लिए अनुमान, अनुभव, कल्पना और तर्क पर आधारित खुले छोर वाले प्रश्नों के प्रयोग की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ऐसे प्रश्नों से बच्चों में सोचने और अपनी बात रखने की क्षमता विकसित होती है। निरपत सिंह (एआरपी) ने निपुण आकलन की स्थिति की समीक्षा करते हुए गणित शिक्षण में ‘क्यों’ और ‘कैसे’ जैसे तार्किक प्रश्नों का प्रयोग करने पर जोर दिया। उन्होंने कक्षाओं में प्रिंट रिच सामग्री और गणित किट का नियमित प्रयोग करने के निर्देश दिए। वहीं खंड शिक्षा अधिकारी ने विद्यालयों में पठन संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ ही नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत निरक्षरों और स्वयंसेवियों के चयन की प्रक्रिया समय से पूरी करने को कहा। आशीष शुक्ला (एआरपी) ने ‘प्रार्थना से ज्ञानोदय’ कार्यक्रम, यू-डायस फीडिंग, प्रेरणा पोर्टल पर नामांकन की स्थिति और फैमिली आईडी की प्रगति की समीक्षा की। डीबीटी के तहत छात्र-छात्राओं के सत्यापन तथा कक्षा 5, 6, 8 और 9 में उत्तीर्ण विद्यार्थियों के नामांकन से संबंधित डीटीएफ डेटा को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए। बैठक के अंत में नेपाल में आई बाढ़ में जान गंवाने वाले लोगों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। बैठक में सभी एआरपी के अलावा शतीश पाण्डेय, प्रमोद पाण्डेय, वेद नारायण द्विवेदी, प्रधानाध्यापक अवनीश कुमार सिंह, सूर्य प्रकाश, सूरज सिंह, रश्मि सिंह, जायरा सिद्दीकी, कैमूल सिद्दीकी, सतीश कुमार सिंह, अमर सिंह, धर्मेन्द्र सिंह, अरविन्द कुमार सिंह, अनिल कुमार सिंह, राजेश सिंह, सतेंद्र सिंह, लवलेश कुमार समेत अन्य प्रधानाध्यापक मौजूद रहे। समग्र शिक्षा से राजाराम सिंह, मंजीत कुमार और पंकज कुमार सहित अन्य लोग भी उपस्थित रहे।







