MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता) सोमवार को तहसील सभागार मड़िहान में बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग के तत्वावधान में चयनित आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री एवं मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल जी रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके उपरांत विधायक रमाशंकर सिंह पटेल ने विकासखंड पटेहरा, राजगढ़ एवं जमालपुर की चयनित आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में विधायक ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं समाज के नौनिहालों,माताओं एवं बहनों के स्वास्थ्य,पोषण और सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि यह नियुक्ति केवल रोजगार का अवसर नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की सेवा का एक महत्वपूर्ण दायित्व भी है। उन्होंने सभी चयनित सहायिकाओं से पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया। विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार युवाओं एवं बेटियों को पूरी पारदर्शिता के साथ रोजगार के अवसर उपलब्ध करा रही है। आज प्रदेश में सभी सरकारी नियुक्तियां बिना किसी भेदभाव,सिफारिश या भ्रष्टाचार के योग्यता एवं निर्धारित प्रक्रिया के आधार पर की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार की मंशा है कि प्रत्येक पात्र अभ्यर्थी को उसका अधिकार निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से प्राप्त हो।
उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों में नियुक्तियों को लेकर भाई-भतीजावाद, भ्रष्टाचार और अनियमितताओं की शिकायतें आम थीं,जबकि वर्तमान सरकार ने पूरी चयन प्रक्रिया को पारदर्शी एवं विश्वासपूर्ण बनाकर युवाओं का भरोसा मजबूत किया है। कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी मड़िहान अनेग सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी दुर्गेश सिंह,सीडीपीओ मीना गुप्ता सहित बाल विकास विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। साथ ही बड़ी संख्या में चयनित आंगनबाड़ी सहायिकाएं एवं उनके परिजन भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।







