JHANSI NEWS: थाना रक्सा क्षेत्र के ग्राम अठौदना निवासी ऊषा पत्नी कालका प्रसाद ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। शिकायत में ऊषा ने आरोप लगाया कि 24 जून की शाम जमीनी विवाद को लेकर गांव के कुछ लोगों ने उनके घर में घुसकर लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिसमें उनके परिवार के कई सदस्य घायल हो गए। उनका कहना है कि घटना की सूचना तत्काल पुलिस और डायल-112 को दी गई थी। पीड़िता का आरोप है कि पुलिस ने दोनों पक्षों के मुकदमे दर्ज कर दिए, जबकि उनके अनुसार उनके परिवार के तीन सदस्य घटना के बाद से ही पुलिस हिरासत में थे, जिसकी पुष्टि थाने के सीसीटीवी कैमरों से की जा सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी पक्ष के मुकदमे की निष्पक्ष जांच नहीं की गई और वास्तविक तथ्यों को नजरअंदाज किया गया। जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में ऊषा ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों के विरुद्ध उचित धाराओं में कार्रवाई की जाए तथा विपक्षी पक्ष के मुकदमे की भी सही जांच कर न्याय दिलाया जाए।







