Home उत्तर प्रदेश ग्राम रोजगार सेवकों ने बीडीओ को सौंपा ज्ञापन

ग्राम रोजगार सेवकों ने बीडीओ को सौंपा ज्ञापन

मानदेय न मिलने पर जताई नाराजगी, हड़ताल की दी चेतावनी
FATEHPUR NEWS: मानदेय एवं ईपीएफ के भुगतान में हो रही देरी से नाराज ग्राम रोजगार सेवकों ने खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों को लेकर आक्रोश व्यक्त किया। ग्राम रोजगार सेवक वेलफेयर एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश के आह्वान पर मनरेगा योजना के अंतर्गत कार्यरत कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे। जानकारी के अनुसार विकास खंड खजुहा स्थित ब्लॉक मुख्यालय में गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे ग्राम रोजगार सेवक, एपीओ, तकनीकी सहायक एवं कंप्यूटर ऑपरेटर एकत्रित हुए और बीडीओ खजुहा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि सभी कर्मचारियों का मानदेय और ईपीएफ लंबे समय से लंबित है, जिससे उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कर्मचारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र विचार नहीं किया गया तो 16 अप्रैल से 25 अप्रैल तक सांकेतिक “कलम बंद हड़ताल” की जाएगी। इसके बावजूद भी मांगें पूरी नहीं होने पर 26 अप्रैल के बाद प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर पोस्टकार्ड के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित पत्र भेजे जाएंगे। साथ ही 1 मई 2026 को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपकर व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि हड़ताल के दौरान किसी भी कर्मचारी पर कार्य करने के लिए दबाव न बनाया जाए, अन्यथा इसके लिए संबंधित प्रशासनिक अधिकारी जिम्मेदार होंगे। इस मौके पर ग्राम रोजगार सेवक वेलफेयर एसोसिएशन, ब्लॉक खजुहा के अध्यक्ष अकरम खान के साथ राजीव वर्मा, जयशंकर वर्मा, सुनील कुमार, विकल सिंह, शिव सिंह, विनोद, कुलदीप, ब्रजकिशोर, ज्योति तिवारी, महेंद्र कुमार, रामनरेश, सियाराम, आशीष सिंह, अंशुमान सिंह, जसवंत सिंह, संजय सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।