ग्रामीण युवा क्रिकेट यूनियन सरकारी स्कूलों के बच्चों को देगा निःशुल्क प्रशिक्षण
FATEHPUR NEWS: ग्रामीण युवा क्रिकेट यूनियन (GYCU) संस्था परिवार द्वारा “GYCU ग्रीन इंडिया” अभियान के अंतर्गत वृहत वृक्षारोपण कार्यक्रम एवं स्पोर्ट्स अकादमी के भव्य शुभारंभ समारोह का आयोजन न्यू तहसील चौराहा, भैरमपुर रोड स्थित खेल मैदान में किया गया। कार्यक्रम में खिलाड़ियों, अभिभावकों, समाजसेवियों एवं क्षेत्रवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर पर्यावरण संरक्षण और खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने का संदेश दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार, सह जिला विद्यालय निरीक्षक (एडीआईओएस) अविनाश कुमार आनंद एवं शाश्वत गर्ग ने दीप प्रज्ज्वलित कर तथा पौधारोपण कर समारोह का शुभारंभ किया। अतिथियों ने ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने और पर्यावरण संरक्षण के लिए GYCU की इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी बताया। संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि GYCU स्पोर्ट्स अकादमी के माध्यम से जनपद के सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत प्रतिभाशाली बच्चों को निःशुल्क खेल प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि आर्थिक संसाधनों के अभाव में कोई भी प्रतिभा पीछे न रह जाए। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण देकर उन्हें जिला, प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है। इस अवसर पर खिलाड़ियों को GYCU की स्पोर्ट्स ड्रेस वितरित की गई तथा उन्हें अनुशासन, नियमित अभ्यास और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही “एक सदस्य–एक पौधा” अभियान के तहत बड़ी संख्या में पौधारोपण कर उनके संरक्षण का सामूहिक संकल्प भी लिया गया। कार्यक्रम में पूर्व डीएसपी एवं GYCU के वरिष्ठ संरक्षक शिव स्वरूप, अशोक तपस्वी, शिक्षिका आसिया फारूकी, महानिदेशक ए.बी. बाबू, कंचन धर्मकांति, महासचिव आर.एस. राजू, स्पोर्ट्स हेड आशुतोष, अतुल, विभूति राज सिंह, वीरेंद्र प्रताप सिंह (मैनेजर, वाणी इंटरनेशनल स्कूल), कौशलेंद्र शुक्ल, अजय सिंह, विकासिनी देवी, ग्राम प्रधान कमल लोधी सहित संस्था के पदाधिकारी, खिलाड़ी, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह के अंत में GYCU परिवार ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था भविष्य में भी खेल, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में निरंतर जनहितकारी कार्य करती रहेगी।







