न्याय व आर्थिक सहायता का दिलाया भरोसा
JHANSI NEWS: हाल ही में ग्वालियर रोड स्थित शिवानी होटल में हुई गौरीशंकर कुशवाहा की निर्मम हत्या के मामले में अखिल भारतीय कुशवाहा महासभा झांसी ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। महासभा के पदाधिकारियों ने उत्तर प्रदेश सरकार से दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने तथा पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय दिलाने की मांग की। महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं बुंदेलखंड प्रभारी बुद्ध सिंह कुशवाहा के मार्गदर्शन तथा जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह कुशवाहा के नेतृत्व में जिला कार्यकारिणी, तहसील अध्यक्षों, ब्लॉक अध्यक्षों, नगर अध्यक्षों एवं अन्य पदाधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल पाल कॉलोनी स्थित पीड़ित परिवार के निवास पर पहुंचा। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और दुख की इस घड़ी में संगठन की ओर से पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह कुशवाहा ने बताया कि महासभा ने पीड़ित परिवार की सुरक्षा को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) एवं क्षेत्राधिकारी (सीओ) से वार्ता की है। अधिकारियों द्वारा परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा मामले में निष्पक्ष जांच कर शीघ्र न्याय दिलाने का आश्वासन दिया गया है। महासभा के पदाधिकारियों ने राज्य सरकार से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही घोषणा की कि अखिल भारतीय कुशवाहा महासभा झांसी की ओर से भी शीघ्र ही पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि संगठन इस मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है और जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिल जाता, तब तक उनके साथ खड़ा रहेगा। इस अवसर पर महासभा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







