राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने गुरु तेग बहादुर साहेब तपोस्थली (चाचकपुर, सिपाह) के पर्यटन विकास कार्य का किया शिलान्यास
JAUNPUR NEWS: गुरु तेग बहादुर साहेब तपोस्थली (चाचकपुर, सिपाह) के पर्यटन विकास कार्य का शिलान्यास प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण विभाग राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने रविवार को किया। इस परियोजना पर लगभग 91.64 लाख रुपये की लागत आएगी। खेल मंत्री ने इसके साथ ही गुरु तेग बहादुर गुरुद्वारा के पास 64.73 लाख रुपये की लागत से ‘बॉक्स कलवर्ट’, पहुँच मार्ग एवं अतिरिक्त पहुँच मार्ग के निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया। राज्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार के नेतृत्व में जौनपुर के ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि ‘गुरु तेग बहादुर साहेब तपोस्थली’ न केवल आस्था का केंद्र है, बल्कि यह क्षेत्र की सांस्कृतिक धरोहर भी है। इससे पर्यटन के रूप में विकसित कर स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित किए जाएंगे। कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। सड़कों, पुलों और संपर्क मार्गों के निर्माण से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच दूरी कम हो रही है तथा आवागमन सुगम हो रहा है। उन्होंने कहा कि बॉक्स कलवर्ट और संपर्क मार्ग के निर्माण से स्थानीय लोगों को काफी सुविधा मिलेगी और क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित होगा। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र की पहचान और भी मजबूत होगी तथा आने वाले समय में यह स्थल पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में उभरेगा।







