Home उत्तर प्रदेश गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन और संस्कार से ही होगा राष्ट्र का सशक्त निर्माण...

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन और संस्कार से ही होगा राष्ट्र का सशक्त निर्माण : हृदय प्रसाद सिंह

वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गांधी स्मारक पीजी कॉलेज में नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ
JAUNPUR NEWS: गांधी स्मारक पी.जी. कॉलेज, समोधपुर में गुरुवार को शैक्षणिक सत्र 2026–27 का शुभारंभ धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण में वैदिक मंत्रोच्चार, पूजा-अर्चना और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। माँ सरस्वती एवं अवधूत भगवान राम के पूजन से प्रारंभ हुए कार्यक्रम में महाविद्यालय परिवार ने नए सत्र के सफल, ज्ञानवर्धक एवं मंगलमय संचालन की कामना की। कार्यक्रम के दौरान “अघोरान्न परो मन्त्रो नास्ति तत्त्वं गुरोः परम्” मंत्र का श्रद्धापूर्वक उच्चारण किया गया। इसके पश्चात विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए विशेष प्रार्थना की गई। गांधी स्मारक विद्यालय संकुल  के प्रबंधक हृदय प्रसाद सिंह ‘रानू’ ने अपने संबोधन में कहा कि “शिक्षा केवल रोजगार प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, नैतिक मूल्यों के विकास और राष्ट्र सेवा की भावना को सशक्त करने का आधार है। गांधी स्मारक पी.जी. कॉलेज विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ अनुशासन, संस्कार और सामाजिक उत्तरदायित्व का भी पाठ पढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। मुझे विश्वास है कि नया शैक्षणिक सत्र विद्यार्थियों के जीवन में नई ऊर्जा, नए अवसर और नई उपलब्धियों का मार्ग प्रशस्त करेगा।” महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. रणजीत कुमार पाण्डेय ने नवप्रवेशी एवं पूर्ववर्ती विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि नियमित अध्ययन, समय का सदुपयोग और अनुशासन ही सफलता की कुंजी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर पूर्ण समर्पण और परिश्रम के साथ अध्ययन करने का आह्वान किया। मौके पर प्रोफेसर अरविंद कुमार सिंह, प्रोफेसर राकेश कुमार यादव, डॉ पंकज सिंह, डॉ लालमणि प्रजापति, डॉ अविनाश वर्मा, डॉ अवधेश मिश्रा सहित अन्य शिक्षक छात्र-छात्राएं एवं स्टाफ उपस्थित रहे।