जनप्रतिनिधियों सहित कई अधिकारी रहे मौजूद
FATEHPUR NEWS: केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे समेकित जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत बुधवार को सरदार वल्लभभाई पटेल प्रेक्षागृह परिसर में विकास प्रदर्शनी का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन विधायक जहानाबाद राजेंद्र सिंह पटेल, विधायक अयाह शाह विकास गुप्ता, जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स तथा मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के पश्चात अतिथियों ने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा लगाई गई चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा “सेल्फी विद पीएम” सेल्फी प्वाइंट पर तस्वीरें खिंचवाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। प्रदर्शनी में केंद्र सरकार के 12 वर्षों और प्रदेश सरकार के 9 वर्षों के विकास कार्यों, उपलब्धियों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को चित्रों एवं सूचनात्मक सामग्री के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी में कृषि, बेसिक शिक्षा, उद्यान, स्वास्थ्य, आयुष, उद्योग, बाल विकास एवं पुष्टाहार, स्वयं सहायता समूह, बैंकिंग, पशुपालन तथा प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए थे। यहां विकसित भारत-2047 के संकल्प, देश की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत तथा आधारभूत संरचना के क्षेत्र में हुए विकास को भी दर्शाया गया। इस अवसर पर आयोजित जन-जागरूकता कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। संस्कृति विभाग द्वारा नामित लोकगायिका सलोनी एवं उनकी टीम ने लोकगीतों के माध्यम से केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं का प्रस्तुतीकरण किया, जिसे उपस्थित जनसमूह और अतिथियों ने सराहा। कार्यक्रम में निबंध, पोस्टर एवं रंगोली प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक जहानाबाद राजेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि वर्ष 2014 से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने जनपद फतेहपुर को आकांक्षी जनपद से विकसित जनपद बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ता हुआ बताया तथा जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया। विधायक अयाह शाह विकास गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि सरकार बिना किसी भेदभाव के समाज के सभी वर्गों को योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने लोगों से प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभिन्न योजनाओं की जानकारी लेने और पात्र लाभार्थियों को लाभ दिलाने में सहयोग करने की अपील की। मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना ने बताया कि 5 जून से 21 जून तक जनपद में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसके अंतर्गत पर्यावरण दिवस, प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन, जन-जागरूकता शिविर, विकास प्रदर्शनी तथा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम शामिल हैं। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से छूटे हुए पात्र व्यक्तियों को चिन्हित कर सरकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को आवास की चाबियां, निराश्रित एवं वृद्धावस्था पेंशन के स्वीकृति पत्र, पीएम सूर्य घर योजना के चेक, राशन कार्ड, कृषि विभाग की बीज सामग्री, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना की टूलकिट, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार एवं अन्य योजनाओं के स्वीकृति पत्र और लाभ वितरित किए गए।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, उप कृषि निदेशक, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, उपायुक्त उद्योग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।







