सोनफेरवा बुजुर्ग गांव में मोटर ठीक करते समय हुआ हादसा
SIDHARTHNAGAR NEWS: जनपद सिद्धार्थनगर के थाना क्षेत्र गोल्हौरा अन्तर्गत सोनफेरवा बुजुर्ग निवासी 21 वर्षीय मनोज की शनिवार सुबह मोटर पम्प में करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। मनोज अपने घर के नल पर लगे खराब मोटर पम्प को ठीक करने का प्रयास कर रहा था, तभी वह अचानक करंट की चपेट में आ गया। घटना के समय घर पर उसकी केवल नेत्रहीन मां मौजूद थीं, जिन्हें इस दुर्घटना का आभास तक नहीं हुआ। कुछ देर बाद, जब बिजली आई और मनोज का 15 वर्षीय छोटा भाई घर के अन्दर आया, तो उसने मनोज को अचेत अवस्था में पाया। परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों की मदद से मनोज को तत्काल 50 शैय्या युक्त चिकित्सालय बांसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मनोज की मौत की खबर सुनते ही परिवार और पूरे गांव में कोहराम मच गया। आपको बता दें कि मनोज परिवार का एकमात्र सहारा था। चार साल पहले पिता की मृत्यु के बाद से पूरे परिवार की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। वह घर के बाहर पान-गुटखा की एक छोटी सी दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। परिवार के अनुसार, मनोज दो भाई और एक बहन में सबसे बड़ा था। उसकी बहन की शादी हो चुकी थी और जल्द ही मनोज की भी शादी होने वाली थी।
इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक गोल्हौरा राजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि यह एक इत्तेफाकिया मौत का मामला है। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।







