JHANSI NEWS: जिलाधिकारी गौरांग राठी ने कलेक्ट्रेट नवीन सभागार में जिला स्तरीय उद्योग बंधु समिति एवं जनपद स्तरीय एमओयू क्रियान्वयन इकाई की बैठक की। उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास से ही जनपद का चहुंमुखी विकास संभव है। उद्यमियों की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण विभागीय अधिकारियों की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। निर्धारित समय सीमा में प्रकरणों का निस्तारण नहीं होने पर कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी ने विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत पांच हलवाई लाभार्थियों को टूलकिट वितरित कर अपना रोजगार शुरू करने की शुभकामनाएं दीं। उपायुक्त उद्योग मनीष चौधरी ने बताया कि करीब 100 लाभार्थियों को टूलकिट वितरित की जा चुकी हैं। डीएम ने कहा कि बुंदेलखंड में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देकर स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ उद्यमियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। बैठक में ग्रोथ सेंटर बिजौली के भूखंड संबंधी प्रकरणों की समीक्षा करते हुए डीएम ने संबंधित उद्यमी की समस्या का समाधान कराने के निर्देश दिए। आवासीय परिसर की मूलभूत समस्याओं के लिए प्राप्त 10 करोड़ रुपये के बजट से होने वाले कार्य को 15 सितंबर तक शुरू कराने के निर्देश भी दिए। उपायुक्त उद्योग ने बताया कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान में झांसी को प्रदेश में चौथी रैंक तथा सीएम डैशबोर्ड पर ए-प्लस श्रेणी मिली है। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना में भी जनपद की स्थिति प्रदेश के शीर्ष जनपदों में है। डीएम ने एमएसएमई इकाइयों द्वारा भू-गर्भ जल के अति दोहन पर प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड, एसपी सिटी प्रीति सिंह, सीओ ट्रैफिक आसमां वकार, उपायुक्त उद्योग मनीष चौधरी सहित उद्यमी, व्यापारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।







