KAUSHAMBI NEWS: सिराथू तहसील क्षेत्र के अटसरई गांव में लंबे समय से चकमार्ग पर किए गए अवैध अतिक्रमण को रविवार को राजस्व विभाग की टीम ने हटाकर सरकारी भूमि को कब्जामुक्त करा दिया। इस कार्रवाई से ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिली, वहीं अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। उपजिलाधिकारी सिराथू प्रमेश श्रीवास्तव के निर्देश पर हल्का लेखपाल हिमांशु श्रीवास्तव राजस्व टीम के साथ अटसरई गांव पहुंचे जहां मौके पर चकमार्ग की पैमाइश कराई।जांच में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा पाए जाने के बाद ट्रैक्टर की मदद से अतिक्रमण हटाकर चकमार्ग को उसके मूल स्वरूप में बहाल कराया गया। ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय से चकमार्ग पर कब्जा होने के कारण खेतों तक आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। शिकायत मिलने पर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रास्ते को अतिक्रमण मुक्त कराया। एसडीएम प्रमेश श्रीवास्तव ने कहा कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाया जाएगा।





