Home उत्तर प्रदेश एरिया बंटवारे को लेकर किन्नरों के दो गुट आमने-सामने, प्रेमनगर में हुआ...

एरिया बंटवारे को लेकर किन्नरों के दो गुट आमने-सामने, प्रेमनगर में हुआ जमकर हंगामा

बधाई नेग के लिए तय क्षेत्र की सीमा को लेकर विवाद

FATEHPUR NEWS : सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के प्रेमनगर कस्बे में रविवार को बधाई नेग लेने के लिए तय किए गए एरिया के बंटवारे को लेकर किन्नरों के दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद ने तूल पकड़ लिया और मंडवा मोड़ पर हंगामे के साथ मारपीट की स्थिति पैदा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। जानकारी के अनुसार प्रथम पक्ष की सपना सिंह यादव, अस्थायी निवासी आरामपुर बसई, थाना सुल्तानपुर घोष और दूसरे पक्ष के महेश उर्फ महेक सरोज, निवासी सलेमपुर मंडवा के बीच बीती 11 अगस्त को अपने गुरु भाइयों की मौजूदगी में बधाई नेग लेने के लिए क्षेत्र का आपसी बंटवारा हुआ था। बताए गए समझौते के मुताबिक सपना को सुल्तानपुर घोष से लेकर एकौनागढ़ मजरे रसूलपुर भंडरा तक, जबकि महेक को मोहम्मदपुर गौंती, कसार से अफोई जनपद सीमा तक का क्षेत्र दिया गया था। बताया गया कि रविवार को महेक पक्ष की ओर से सपना को फोन पर जानकारी दी गई कि वह प्रेमनगर कस्बे में ढोलक लगाकर बधाई नेग लेने जा रही है। सपना पक्ष का कहना है कि प्रेमनगर उसके तय क्षेत्र में आता है। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई और मामला देखते ही देखते हाथापाई तक पहुंच गया। हंगामे के दौरान दोनों पक्षों के लोगों के आमने-सामने आने से मंडवा मोड़ पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। इस दौरान सपना पक्ष ने आरोप लगाया कि विवाद बढ़ने के बाद महेक अपने साथ कौशाम्बी जनपद के अझुआ क्षेत्र से करीब 10-15 युवकों को साड़ी पहनाकर मौके पर लेकर आया। आरोप है कि इन लोगों ने सपना के साथ मारपीट की। घटना की जानकारी मिलने पर सपना की गुरु-बहन आरती श्रीवास्तव समेत खागा क्षेत्र से बड़ी संख्या में किन्नर भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद दोनों पक्षों के आमने-सामने आने से स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। हंगामे के दौरान सपना पक्ष की ओर से दावा किया गया कि महेक के साथ आए लोगों में कुछ वास्तविक किन्नर नहीं थे। सपना पक्ष का आरोप है कि मौके पर चार लोगों के कपड़े फाड़कर उनकी कथित पहचान सामने लाने का प्रयास किया गया। इसके बाद मौके पर ‘नकली किन्नरों’ को लेकर चर्चा शुरू हो गई। हालांकि, किसी व्यक्ति के किन्नर होने अथवा न होने संबंधी आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है और न ही इस संबंध में स्वतंत्र रूप से कोई सत्यापन सामने आया है। सपना पक्ष ने महेश उर्फ महेक को लेकर भी आरोप लगाए हैं, लेकिन इन आरोपों की भी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। हंगामे की सूचना मिलते ही सुल्तानपुर घोष थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाया और किसी तरह स्थिति को शांत कराया। विवाद के बाद क्षेत्र में कुछ समय तक तनाव और चर्चा का माहौल बना रहा। पूरे घटनाक्रम के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब दोनों पक्षों के बीच बधाई नेग लेने के लिए क्षेत्र और उसकी सीमाएं पहले से तय होने की बात कही जा रही है, तो फिर प्रेमनगर में नेग लेने को लेकर विवाद की स्थिति क्यों बनी? वहीं, विवाद के दौरान बाहरी लोगों की कथित मौजूदगी भी सवाल खड़े कर रही है।