Home उत्तर प्रदेश असोथर में रसोइया बहनों का भव्य सम्मान, सीएम योगी का सजीव प्रसारण...

असोथर में रसोइया बहनों का भव्य सम्मान, सीएम योगी का सजीव प्रसारण देख गूंजा सभागार

हेल्थ किट वितरित कर रसोइयों के योगदान को किया गया नमन, स्वस्थ बच्चों से सशक्त समाज निर्माण का दिया संदेश
FATEHPUR NEWS: ब्लॉक सभागार असोथर में पीएम पोषण योजना के तहत रविवार को रसोइया बहनों के सम्मान में भव्य एवं गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालयों में बच्चों को प्रतिदिन पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने वाली रसोइयों के योगदान, मेहनत और समर्पण को सराहा गया। इस दौरान रसोइया बहनों को हेल्थ किट वितरित कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण लखनऊ से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सजीव प्रसारण का रहा। सभागार में मौजूद जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं, अधिकारियों और रसोइया बहनों ने मुख्यमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण एक साथ देखा और सुना। कार्यक्रम में विधायक विकास गुप्ता, प्रकाश गुप्ता, गौरव मिश्रा, खंड शिक्षा अधिकारी लोकेश गुप्ता, जनार्दन त्रिपाठी, नवनिर्वाचित सभासद सर्वेश गुप्ता, विनोद गुप्ता, आशुतोष विश्वकर्मा, राम महेश निषाद, रामबरन निषाद, नवनिर्वाचित सभासद निर्मल सिंह, विनोद भारतीय समेत भाजपा कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में रसोइया बहनें मौजूद रहीं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को समय से पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने में रसोइयों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। प्रतिदिन बच्चों के लिए भोजन तैयार करने वाली रसोइयां केवल भोजन बनाने का कार्य ही नहीं करतीं, बल्कि बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण की जिम्मेदारी में भी महत्वपूर्ण योगदान देती हैं। वक्ताओं ने कहा कि स्वस्थ बचपन ही मजबूत और सशक्त समाज की आधारशिला है। बच्चों को बेहतर पोषण मिलने से उनके शारीरिक और मानसिक विकास को मजबूती मिलती है तथा यही बच्चे आगे चलकर देश के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। कार्यक्रम में रसोइया बहनों को हेल्थ किट प्रदान करने के साथ ही उन्हें अपने स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति भी जागरूक रहने का संदेश दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि बच्चों के लिए भोजन तैयार करने वाली रसोइयों का स्वयं स्वस्थ और स्वच्छ रहना भी उतना ही जरूरी है। रसोइया बहनों के सम्मान और अपनत्व से भरे इस आयोजन ने सभागार में मौजूद लोगों को भावुक और प्रेरित किया। कार्यक्रम के माध्यम से उनके कार्य को सम्मान देने के साथ बच्चों के पोषण और स्वस्थ भविष्य के निर्माण में उनकी भूमिका को भी प्रमुखता से रेखांकित किया गया।