मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने कहा कि कार्यवाही है जारी
FATEHPUR NEWS: भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) द्वारा कई कंपनियों को अपने उत्पादों पर भ्रामक रूप से “एनर्जी ड्रिंक” लिखने से रोकने और इस श्रेणी के उपयोग पर सख्ती किए जाने के बावजूद बाजार में आज भी कथित एनर्जी ड्रिंक्स खुलेआम बेची जा रही हैं। जिले के अधिकांश किराना स्टोर, जनरल स्टोर, होटल, ढाबों और कोल्ड ड्रिंक की दुकानों पर ये उत्पाद आसानी से उपलब्ध हैं, जिससे खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय बाजारों में सुबह से देर रात तक संचालित दुकानों पर विभिन्न ब्रांड के कैन और बोतलों में बिकने वाले पेय पदार्थ ग्राहकों, विशेषकर युवाओं और बच्चों के बीच लोकप्रिय बने हुए हैं। दुकानदार इन्हें बिना किसी रोक-टोक के “एनर्जी ड्रिंक” बताकर बेच रहे हैं। जबकि खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन को लेकर समय-समय पर निर्देश जारी किए जाते रहे हैं। जानकारों का कहना है कि कई पेय पदार्थों में कैफीन और अन्य उत्तेजक तत्व निर्धारित मात्रा में होते हैं, जिनका अत्यधिक सेवन स्वास्थ्य के लिए नुकसानदेह हो सकता है। चिकित्सकों के अनुसार इनका लगातार सेवन बच्चों, किशोरों, गर्भवती महिलाओं और हृदय रोगियों के लिए जोखिम बढ़ा सकता है। अधिक मात्रा में सेवन से अनिद्रा, घबराहट, तेज धड़कन, रक्तचाप बढ़ना और अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। शहर और कस्बों की दुकानों पर इन उत्पादों की बिक्री बिना किसी विशेष निगरानी के जारी है। कई स्थानों पर स्कूली छात्र भी इन्हें आसानी से खरीदते देखे जा सकते हैं। ऐसे में अभिभावकों ने भी प्रशासन से इस दिशा में प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से नियमित जांच अभियान नहीं चलाए जा रहे हैं। यदि समय-समय पर दुकानों का निरीक्षण किया जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए तो स्थिति में सुधार हो सकता है। लेकिन विभाग की निष्क्रियता के कारण नियमों का पालन होता नहीं दिखाई दे रहा। सामाजिक संगठनों और उपभोक्ताओं ने मांग की है कि खाद्य सुरक्षा विभाग बाजार में बिक रहे ऐसे उत्पादों की जांच कर यह सुनिश्चित करे कि वे FSSAI के वर्तमान मानकों एवं लेबलिंग नियमों का पालन कर रहे हैं। साथ ही नियमों के विपरीत पाए जाने वाले उत्पादों को तत्काल जब्त कर संबंधित विक्रेताओं एवं कंपनियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए, ताकि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ किसी प्रकार का खिलवाड़ न हो। हांलाकि विभाग ने बताया कि आवश्यक कार्यवाही जारी है। बताते चलें कि भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) द्वारा कड़ी कार्रवाई के बावजूद, देश भर में एनर्जी ड्रिंक्स धड़ल्ले से बिक रहे हैं, एफएसएसएआई ने हाल ही में गलत लेबलिंग और भ्रामक स्वास्थ्य दावों को लेकर रेड बुल, स्टिंग (पेप्सिको), मॉन्स्टर, कैम्पा एनर्जी (रिलायंस), एड्रेनालाईन रश और हेल एनर्जी सहित 6 प्रमुख ब्रांड्स को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं।
क्या बोले जिम्मेदार
सभी खाद्य सुरक्षा अधिकारीयों को इसके बारे में अवगत करा दिया गया है जो क्षेत्र में भ्रमणशील हैं और आवश्यक कार्यवाही कर रहे हैं – राजेश कुमार दीक्षित, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी







