Home उत्तर प्रदेश एनडीए/एसएससी परीक्षा में सफलता पर हिमांशु यादव का हुआ सम्मान

एनडीए/एसएससी परीक्षा में सफलता पर हिमांशु यादव का हुआ सम्मान

अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश यादव ने परिवार से मिलकर बढ़ाया उत्साह
FATEHPUR NEWS: शहर के मसवानी क्षेत्र में उस समय खुशी का माहौल देखने को मिला, जब एनडीए/एसएससी परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले होनहार छात्र हिमांशु यादव को सम्मानित किया गया। अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा उत्तर प्रदेश के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं युवा प्रभारी चौधरी राजेश यादव स्वयं उनके निवास पहुंचे और परिवार से मुलाकात कर शुभकामनाएं दीं। बताया जाता है कि हिमांशु यादव, आंगनवाड़ी कार्यकर्त्री सरिता यादव एवं राजेश कुमार के पुत्र हैं। उनकी इस सफलता से न केवल परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र में गर्व और उत्साह का वातावरण है। इस अवसर पर चौधरी राजेश यादव ने हिमांशु यादव को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनके परिश्रम, लगन और अनुशासन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आज के युवा यदि इसी प्रकार लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करें तो निश्चित ही सफलता उनके कदम चूमेगी। उन्होंने हिमांशु की सफलता को समाज के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने अभिभावकों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों की सफलता के पीछे माता-पिता का महत्वपूर्ण योगदान होता है। उचित मार्गदर्शन, सकारात्मक वातावरण और निरंतर सहयोग से ही बच्चे ऊंचाइयों तक पहुंचते हैं। इसके पश्चात चौधरी राजेश यादव पूर्व प्रधानाचार्य ज्ञान सिंह यादव के निवास भी पहुंचे, जहां उन्होंने उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान शिक्षा के महत्व, समाज के विकास और युवाओं को सही दिशा देने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने हिमांशु यादव की सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।