संभ्रांत लोगों ने किया सम्मान, लोगों ने कार्यों को सराहा
सुल्तानपुर घोष थाना से स्थानांतरण के बाद ललौली थाने में संभालेंगे वरिष्ठ उपनिरीक्षक का दायित्व
FATEHPUR NEWS: थाना सुल्तानपुर घोष में दो वर्ष से अधिक समय तक अपनी कार्यकुशलता, निष्पक्ष कार्यशैली और जनसरोकारों से जुड़ी पुलिसिंग के लिए अलग पहचान बनाने वाले उपनिरीक्षक आनंद वर्मा का स्थानांतरण होने पर थाना परिसर में भावपूर्ण विदाई समारोह आयोजित किया गया। आनंद वर्मा अब थाना ललौली में वरिष्ठ उपनिरीक्षक के पद पर अपनी नई जिम्मेदारी संभालेंगे। जबकि थाना सुल्तानपुर घोष में प्रशिक्षु उप निरीक्षक बनकर आए थे। विदाई समारोह के दौरान माहौल भावुक हो गया। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ व्यापार मंडल के पदाधिकारियों, पत्रकारों, समाजसेवियों और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने उपनिरीक्षक आनंद वर्मा को पुष्पगुच्छ, स्मृति चिह्न एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह में वक्ताओं ने कहा कि आनंद वर्मा ने अपने कार्यकाल के दौरान कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के साथ ही आम जनता की समस्याओं को प्राथमिकता से सुना। पीड़ितों को न्याय दिलाने और विवादों के समाधान में उनकी संवेदनशीलता एवं निष्पक्षता की क्षेत्र में काफी सराहना हुई। उनके सरल स्वभाव और मिलनसार व्यवहार से पुलिस और जनता के बीच विश्वास का मजबूत संबंध स्थापित हुआ। लोगों ने कहा कि उपनिरीक्षक आनंद वर्मा की कार्यशैली ने यह संदेश दिया कि पुलिसिंग केवल कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं, बल्कि जनता के साथ संवाद और सहयोग का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। यही कारण है कि उनके स्थानांतरण पर क्षेत्र के लोगों में भावुकता देखने को मिली। अपने संबोधन में उपनिरीक्षक आनंद वर्मा ने कहा कि सुल्तानपुर घोष में कार्यकाल के दौरान उन्हें क्षेत्रवासियों, व्यापारियों, पत्रकारों, समाजसेवियों और पुलिस विभाग के सहयोगियों से जो सम्मान और स्नेह मिला, वह हमेशा याद रहेगा। उन्होंने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नई जिम्मेदारी को भी पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता और समर्पण के साथ निभाएंगे तथा जनता के विश्वास को बनाए रखने का प्रयास करेंगे। समारोह के अंत में उपस्थित लोगों ने उन्हें पुष्पमालाएं पहनाकर एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी। सभी ने उनके अच्छे स्वास्थ्य, सफल कार्यकाल और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर प्रेमनगर व्यापार मंडल अध्यक्ष मुन्ना सिंह गौतम, फुद्दन भाई, आशुतोष मोदनवाल, शिवम सिंह (ठेकेदार), पत्रकार राजन तिवारी, पत्रकार प्रदीप कुमार, महेश चौधरी, अजय कुमार, संदीप कुमार निर्मल, विपिन सिंह सहित व्यापार मंडल के पदाधिकारी, पत्रकार बंधु, समाजसेवी एवं क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।







