Home उत्तर प्रदेश एकीकृत ठोस अपशिष्ट केंद्र से दो ई-रिक्शों की 8 बैटरियां चोरी

एकीकृत ठोस अपशिष्ट केंद्र से दो ई-रिक्शों की 8 बैटरियां चोरी

ग्राम प्रधान ने दी पुलिस को लिखित तहरीर
FATEHPUR NEWS: जनपद के थाना सुल्तानपुर घोष क्षेत्र में सरकारी संपत्ति की सुरक्षा पर सवाल खड़े करने वाली चोरी की घटना सामने आई है। ग्राम पंचायत मण्डवा स्थित एकीकृत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन केंद्र में खड़े दो ई-रिक्शों से अज्ञात चोर रात के अंधेरे में 8 बैटरियां खोलकर फरार हो गए। घटना के बाद ग्राम प्रधान ने थाना सुल्तानपुर घोष में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। ग्राम प्रधान सियापती द्वारा पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार, मंगलवार की रात ठोस अपशिष्ट केंद्र परिसर में ग्राम पंचायत के दो ई-रिक्शा खड़े थे। देर रात अज्ञात चोर दोनों वाहनों से कुल आठ बैटरियां खोलकर ले गए। सुबह कर्मचारियों को घटना की जानकारी हुई तो मौके पर हड़कंप मच गया। आसपास काफी खोजबीन और जानकारी जुटाने का प्रयास किया गया, लेकिन चोरी गई बैटरियों और चोरों का कोई सुराग नहीं लग सका। बताया जा रहा है कि इन ई-रिक्शों का उपयोग ग्राम पंचायत में घर-घर से कूड़ा संग्रहण और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए किया जाता है। बैटरियां चोरी हो जाने से दोनों वाहन पूरी तरह बंद हो गए हैं, जिससे गांव की नियमित सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है। ग्राम प्रधान ने पुलिस से मांग की है कि मामले में तत्काल प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) दर्ज कर अज्ञात चोरों की पहचान करते हुए चोरी गई बैटरियां बरामद की जाएं और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। घटना से ग्रामीणों में भी नाराजगी है। उनका कहना है कि सरकारी परिसरों में लगातार हो रही चोरी की घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। ग्रामीणों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और सरकारी परिसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।