Home उत्तर प्रदेश ई-रिक्शा पलटने से वृद्ध किसान की हुई मौत, परिजनों का रो –...

ई-रिक्शा पलटने से वृद्ध किसान की हुई मौत, परिजनों का रो – रोकर हुआ बुरा हाल

FATEHPUR NEWS: असोथर थाना क्षेत्र में देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में परवल बेचने गाजीपुर मंडी जा रहे 65 वर्षीय वृद्ध की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसा पुराने देशी ठेके के पास रात करीब 12:30 बजे हुआ, जहां तेज रफ्तार ई-रिक्शा अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में ई-रिक्शा में लगा लोहे का एंगल वृद्ध के माथे में जा घुसा। मृतक की पहचान छत्रपाल उर्फ बाबा तारा (65) के रूप में हुई है। बताया गया कि वह अपने खेत से ताजा परवल लादकर गाजीपुर मंडी बेचने जा रहे थे। ई-रिक्शा उनका रिश्तेदार दिलीप निषाद निवासी धरहरी, मजरे ऐझीं चला रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, असोथर के पुराने देशी ठेके के पास पहुंचते ही ई-रिक्शा का संतुलन बिगड़ गया और वह अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा इतना गंभीर था कि वाहन में लगा लोहे का एंगल छत्रपाल के माथे में जा घुसा। वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही अचेत हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी और घायल छत्रपाल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गाजीपुर पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के चलते उनकी हालत गंभीर बनी रही। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। घटना से क्षेत्र में भी शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।