पीएम मोदी और सीएम योगी की अपील पर जनप्रतिनिधियों ने शुरू की पहल
JHANSI NEWS: वैश्विक आर्थिक संकट और ईंधन संकट की आशंकाओं के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ऊर्जा संरक्षण संबंधी अपील का असर अब जनप्रतिनिधियों पर भी दिखाई देने लगा है। झांसी सदर विधायक रवि शर्मा ने पेट्रोल-डीजल की बचत और ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शहर में ईवी स्कूटी का उपयोग शुरू कर दिया है। शुक्रवार को विधायक रवि शर्मा ईवी स्कूटी पर सवार होकर शहर के विभिन्न क्षेत्रों के भ्रमण पर निकले। इस दौरान उनका सुरक्षाकर्मी भी स्कूटी पर पीछे बैठा नजर आया। विधायक के इस कदम की शहर में चर्चा रही और लोगों ने इसे ऊर्जा संरक्षण की दिशा में सकारात्मक पहल बताया। विधायक रवि शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में विश्व के कई देश युद्ध की स्थिति से गुजर रहे हैं, जिसके चलते ईंधन आपूर्ति प्रभावित हो रही है। ऐसे समय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से ऊर्जा एवं ईंधन बचाने तथा स्वदेशी संसाधनों के अधिक उपयोग की अपील की है, ताकि विदेशी मुद्रा भंडार को सुरक्षित रखा जा सके। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्वयं भी अपने काफिले में सीमित वाहनों का उपयोग कर उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं। ऐसे में जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों की भी जिम्मेदारी बनती है कि वे ऊर्जा संरक्षण की दिशा में कदम बढ़ाएं। सदर विधायक ने बताया कि अब शहर के भीतर होने वाले स्थानीय कार्यक्रमों और भ्रमण के लिए वे ईवी स्कूटी का ही उपयोग करेंगे, जबकि लंबी दूरी की यात्रा के लिए आवश्यकता अनुसार चार पहिया वाहन का प्रयोग किया जाएगा। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि संकट के इस दौर में ऊर्जा और ईंधन की बचत के लिए छोटे-छोटे प्रयास अपनाएं, जिससे देश की आर्थिक मजबूती में योगदान दिया जा सके।







