Home उत्तर प्रदेश आम आदमी पार्टी ने रोजगार सामाजिक अधिकार अभियान को दिया समर्थन

आम आदमी पार्टी ने रोजगार सामाजिक अधिकार अभियान को दिया समर्थन

MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता) शहीद उद्यान में रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेंशन, भूमिहीनों के लिए आवासीय जमीन और सामाजिक अधिकार की गारंटी तथा कॉर्पोरेट संपत्ति पर टैक्स लगाए जाने की मांग को लेकर ‘रोजगार सामाजिक अधिकार अभियान’ की पूर्वांचल यात्रा का कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष एवं अंतर्राष्ट्रीय न्यायिक मानवाधिकार संरक्षण, नई दिल्ली के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुनील कुमार पांडे एडवोकेट ने कहा कि आम आदमी पार्टी इस आंदोलन को अपना पूरा समर्थन देगी। उन्होंने कहा कि हमारे नेता, आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में आठ चरणों में ‘रोजगार दो, सामाजिक न्याय दो’ पदयात्रा कर रहे हैं। मिर्जापुर में भी 16 जनवरी 2026 को ऐतिहासिक पदयात्रा इसी शहीद उद्यान से निकाली गई थी, जिसमें हजारों लोग शामिल हुए थे। सुनील कुमार पांडे ने कहा कि आम आदमी पार्टी का विजन स्पष्ट है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, बिजली, पानी और सभी नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं तथा महिलाओं को अधिकार दिलाने के लिए पार्टी संकल्पबद्ध है। हम देश को नई राजनीतिक दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि आम आदमी पार्टी हर उस आंदोलन को समर्थन देगी जो देश के नौजवानों, छात्रों और युवा वर्ग के रोजगार से जुड़ा होगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।