Home उत्तर प्रदेश आगामी त्योहार को लेकर पीस कमेटी की बैठक, शांति और सौहार्द बनाए...

आगामी त्योहार को लेकर पीस कमेटी की बैठक, शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील

ताजियादारों व धर्मगुरुओं को पुलिस प्रशासन ने दिए सुरक्षा संबंधी निर्देश
PRAYAGRAJ NEWS: आगामी त्योहारों को सकुशल एवं शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर सोमवार को थाना खीरी परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में थाना क्षेत्र के लेंडियारी, खीरी, लालतारा, कचरा, झाड़ियाही, इंटवा खुर्द, इंटवा कला, टोंगा, ऊंचगांव सहित अन्य क्षेत्रों के धर्मगुरु, ताजियादार एवं समाज के संभ्रांत लोग शामिल हुए। उच्च अधिकारियों के निर्देशन में आयोजित बैठक की अध्यक्षता सहायक पुलिस आयुक्त कौंधियारा अब्दुस सलाम खान ने की। बैठक का संचालन थाना खीरी के प्रभारी निरीक्षक कृष्ण मोहन सिंह ने किया। इस दौरान एसीपी अब्दुस सलाम खान ने मौजूद लोगों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग त्योहार को आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ मनाएं। किसी भी स्थान पर ताजिया निकालने में किसी प्रकार की समस्या या अड़चन आती है तो तत्काल पुलिस प्रशासन को सूचना दें, जिससे समय रहते उसका समाधान कराया जा सके। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह तत्पर है। जनता के सहयोग से ही किसी भी त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सकता है। बैठक के उपरांत थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्ण मोहन सिंह ने थाना पुलिस स्टाफ के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी हल्का प्रभारियों एवं पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्रों में निकलने वाले ताजियों के मार्गों का निरीक्षण कर लें। रास्ते में आने वाली बाधाओं को चिन्हित कर उन्हें दूर कराया जाए तथा त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाए। थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस कर्मी क्षेत्र में लगातार भ्रमण करते रहें और किसी भी अप्रिय स्थिति की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करें। बैठक में पुलिस प्रशासन की ओर से एसीपी कौंधियारा अब्दुस सलाम खान, इंस्पेक्टर कृष्ण मोहन सिंह, इंस्पेक्टर दीनदयाल यादव, एसआई हरेंद्र यादव, धीरज सिंह, मनोज कुमार सहित थाना खीरी का पुलिस स्टाफ मौजूद रहा। वहीं क्षेत्रीय लोगों में इमाम खीरी मो. फारुख, इमाम टोंगा मुजनवीन खान, इमाम तुर्कपुरवा मो. रिजवान खान, इमाम इंटवा कला अख्तर रजा, इमाम इंटवा खुर्द लाल मोहम्मद मिस्त्री, इमाम झाड़ियाही सलमान अली, लालतारा इमाम शमशाद समेत कई धर्मगुरु एवं ताजियादार शामिल रहे। बैठक में ग्राम प्रधान खीरी मो. यूसुफ, पूर्व प्रधान लेंडियारी मुस्ताक खान, बीडीसी झाड़ियाही मंसूर अहमद सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने शांति, भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने का संकल्प लिया।