FATEHPUR NEWS: जनपद फतेहपुर ने आईजीआरएस (एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली) रैंकिंग में प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल कर उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की है। जून माह में आईजीआरएस शिकायतों के प्रभावी एवं समयबद्ध निस्तारण के आधार पर फतेहपुर पुलिस को उत्तर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त हुआ है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में आईजीआरएस शिकायतों की प्रतिदिन समीक्षा की गई तथा प्रत्येक शिकायत के गुणवत्तापूर्ण एवं त्वरित निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया। इसके परिणामस्वरूप जनपद के सभी 20 थानों ने उत्कृष्ट कार्य करते हुए प्रदेश में सर्वोच्च प्रदर्शन किया। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने इस उपलब्धि का श्रेय जनपद के समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीम भावना, सतत निगरानी और शिकायतों के प्रति गंभीरता को दिया। उन्होंने कहा कि आमजन की शिकायतों का समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और भविष्य में भी इस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।







