Home उत्तर प्रदेश अलीगंज कोचिंग अग्निकांड पर नेताओं ने जताया गहरा शोक, दोषियों पर कार्रवाई...

अलीगंज कोचिंग अग्निकांड पर नेताओं ने जताया गहरा शोक, दोषियों पर कार्रवाई और पीड़ितों को सहायता की उठी मांग

JAUNPUR NEWS: लखनऊ के अलीगंज स्थित एक कोचिंग संस्थान में लगी भीषण आग में 15 से अधिक छात्र-छात्राओं की मौत की घटना पर राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र के नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उत्तर प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव, जौनपुर सदर से सपा सांसद बाबू सिंह कुशवाहा तथा पूर्व ऊर्जा एवं नियोजन राज्य मंत्री शैलेंद्र यादव ‘ललई’ ने घटना को अत्यंत हृदयविदारक बताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। साथ ही घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग भी की गई है। राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि अलीगंज में हुई अग्नि दुर्घटना अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोक संतप्त परिवारों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए राहत एवं उपचार कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित किए जाने की अपेक्षा व्यक्त की।
सपा सांसद बाबू सिंह कुशवाहा ने घटना को पूरे प्रदेश को झकझोर देने वाली त्रासदी बताया। उन्होंने प्रदेश सरकार से मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने तथा यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही मृतकों के परिजनों और घायलों को समुचित आर्थिक एवं सामाजिक सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
पूर्व ऊर्जा एवं नियोजन राज्य मंत्री शैलेंद्र यादव ‘ललई’ ने कहा कि इस हादसे में मासूम बच्चों के असमय निधन ने पूरे प्रदेश को शोक में डुबो दिया है। उन्होंने कहा कि कोचिंग सेंटर में अपने भविष्य के सपने संजोने पहुंचे बच्चों का इस तरह दुनिया से चले जाना अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने सरकार से उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने तथा सभी शैक्षणिक संस्थानों में अग्नि सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने की मांग की।