Home उत्तर प्रदेश अधूरे कार्यों पर जिलाधिकारी ने जताई नाराजगी सीएचसी अभोली के निर्माण एवं...

अधूरे कार्यों पर जिलाधिकारी ने जताई नाराजगी सीएचसी अभोली के निर्माण एवं मरम्मत कार्यों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश’

30 जून तक सभी कार्य पूर्ण न होने पर संबंधित अधिकारियों की तय होगी जवाबदेही
BHADOHI NEWS: जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अभोली का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र परिसर में चल रहे निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए उन्होंने अधूरे कार्यों पर नाराजगी व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों तथा कार्यदायी संस्था को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से सभी कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य केंद्र भवन की रंगाई-पुताई, मुख्य प्रवेश द्वार की मरम्मत, रैंप को मानक के अनुरूप विकसित करने, क्षतिग्रस्त टाइल्स को बदलने तथा पाइपलाइन एवं विद्युत व्यवस्था से जुड़े कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र परिसर की साफ-सफाई नियमित रूप से सुनिश्चित की जाए, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण मिल सके। जिलाधिकारी ने चिकित्सकों के आवासों के साथ-साथ तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के आवासों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के आवास की छत में तकनीकी समस्या पाए जाने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विशेषज्ञ तकनीकी टीम से जांच कराने तथा आवश्यक मरम्मत कार्य तत्काल शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के आवासों की सुरक्षा एवं सुविधाओं से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण एवं मरम्मत कार्यों में तेजी लाने के लिए पर्याप्त संख्या में मजदूरों और मिस्त्रियों को लगाया जाए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि सभी कार्य निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप तय समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं। निरीक्षण के दौरान डीएम ने कड़ा रुख अपनाते हुए चेतावनी दी कि 30 जून 2026 तक सीएचसी अभोली में चल रहे सभी निर्माण एवं मरम्मत कार्य प्रत्येक दशा में पूर्ण कर लिए जाएं। यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरे नहीं हुए तो संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था की जवाबदेही तय करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता स्वास्थ्य केंद्रों पर बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है, जिससे आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि विकास एवं निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, शिथिलता या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी कार्यों को पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरा कराया जाएगा, ताकि स्वास्थ्य केंद्र पर आने वाले मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिल सके। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ संतोष कुमार चक, जिल अर्थ एवं संख्याधिकारी अनिल सिंह, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शुभांकर श्रीवास्तव, जिला सूचना अधिकारी अनिल कुमार सिंह, अपर संख्याधिकारी नीरव सिंह एवं सम्बंधित अधिकारी उपस्थित रहे।