JHANSI NEWS: 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अंतर्गत जनपद झांसी में सोमवार को अंतरराष्ट्रीय योग सप्ताह का भव्य शुभारंभ अटल एकता पार्क में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम ने की। इस वर्ष योग सप्ताह का आयोजन “योग फॉर हैल्थी एजिंग थीम पर किया जा रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम एवं मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड ने भगवान धन्वंतरि के पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरी दुनिया ने अपनाया है। उन्होंने कहा कि “करें योग, रहें निरोग” केवल एक नारा नहीं बल्कि स्वस्थ जीवन का आधार है। योग शरीर, मन और आत्मा को जोड़ने का माध्यम है तथा नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनता है। मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड ने कहा कि योग भारत की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से वर्ष 2015 से 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में पूरी दुनिया में मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जहां योग है, वहां निरोग है और योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरे सप्ताह विभिन्न स्थानों पर योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। योग प्रशिक्षक अभिषेक मिश्रा ने अपने सहयोगियों सुधीर प्रजापति एवं अनुसाया नरवरे के साथ कॉमन योग प्रोटोकॉल के अंतर्गत सामूहिक योगाभ्यास कराया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों, सिविल डिफेंस के सदस्यों, छात्र-छात्राओं एवं गणमान्य नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर योगाभ्यास किया। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त समाजसेविका डॉ. नीति शास्त्री ने किया तथा क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. जगजीवन राम ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर सहायक निदेशक सूचना सुरजीत सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट प्रमोद कुमार झा, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक रति वर्मा सहित अनेक अधिकारी एवं आयुष विभाग के चिकित्सक उपस्थित रहे।







