मुख्यमंत्री का लाइव संबोधन सुना गया
श्रमिक ही औद्योगिक इकाइयों की मजबूत नींव: परियोजना अधिकारी
श्रमिकों को योजनाओं और पंजीकरण के लाभों के प्रति किया गया जागरूक
FATEHPUR NEWS: अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन फतेहपुर द्वारा औद्योगिक क्षेत्र मलवा स्थित जेडीएसएल एडिबल लिमिटेड (प्लॉट संख्या C-27) परिसर में ‘श्रम वीर गौरव समारोह’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के श्रमिकों, उद्यमियों, व्यापारियों एवं विभिन्न औद्योगिक संगठनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान श्रमिकों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण (हेल्थ चेकअप) भी आयोजित किया गया।
मुख्यमंत्री का लाइव संबोधन कार्यक्रम के दौरान प्रातः 11:00 से 12:00 बजे तक माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का सजीव प्रसारण किया गया। मुख्यमंत्री ने अपने उद्बोधन में श्रमिकों के कल्याण, सामाजिक सुरक्षा एवं उनके अधिकारों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने ध्यानपूर्वक सुना। कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए परियोजना निदेशक शेषमणि सिंह ने कहा कि श्रमिक किसी भी औद्योगिक इकाई की आधारशिला होते हैं। उनके अथक परिश्रम और समर्पण के बिना विकास की कल्पना संभव नहीं है। सहायक श्रमायुक्त लालाराम ने श्रमिकों का स्वागत करते हुए उन्हें श्रम विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं में पंजीकरण कराने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि पंजीकरण के माध्यम से श्रमिकों को शिक्षा, चिकित्सा, आवास सहित कई लाभ प्राप्त होते हैं। निवेश प्रोत्साहन अधिकारी (उद्यमी मित्र) अनुराग अग्रहरि ने उद्योग विभाग की निवेश एवं प्रोत्साहन योजनाओं की जानकारी देते हुए उद्यमियों को सरकार की नीतियों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। इसी क्रम में सीएम फेलो द्वारा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के माध्यम से स्वरोजगार स्थापित करने के अवसरों पर प्रकाश डाला गया। समारोह में सहायक आयुक्त उद्योग राममूर्ति मौर्या, श्रम प्रवर्तन अधिकारी मनीष कुमार, अभिनव पाण्डेय, निवेश प्रोत्साहन अधिकारी अनुराग अग्रहरि एवं सीएम फेलो सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। औद्योगिक क्षेत्र से आईआईए (IIA) अध्यक्ष अभिमन्यु सिंह, राइस मिल एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष गोविंद बाबू टाटा, जिला अध्यक्ष भूपेंद्र उमराव, उदयभान साहू सहित कई प्रमुख उद्यमियों ने सहभागिता करते हुए श्रमिकों का सम्मान किया। कार्यक्रम का समापन श्रमिकों के सम्मान और उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता के संदेश के साथ हुआ।







