हाईस्कूल व इंटर में शानदार प्रदर्शन, 95.6% तक मिला सर्वाधिक अंक
लगातार मेरिट में स्थान बनाकर विद्यालय ने बढ़ाया मान
FATEHPUR NEWS: हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2025-26 के परिणाम घोषित होते ही राधानगर स्थित जय माँ सरस्वती ज्ञान मंदिर इंटर कॉलेज में खुशी की लहर दौड़ गई। उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम के चलते विद्यालय में जश्न का माहौल रहा और छात्र-छात्राओं के साथ-साथ शिक्षकों के चेहरे भी खुशी से खिल उठे। हाईस्कूल परीक्षा में अभि शुक्ला और असरा बानो ने 95.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। वहीं इंटरमीडिएट में माही ने 91.3 प्रतिशत और नूर फातिमा ने 90.6 प्रतिशत अंक हासिल कर शानदार प्रदर्शन किया। इन मेधावी विद्यार्थियों ने प्रदेश स्तर पर विद्यालय का परचम लहराते हुए एक बार फिर उसकी शैक्षिक गुणवत्ता को साबित किया है। विद्यालय का गौरवशाली इतिहास भी इस सफलता को और खास बनाता है। वर्ष 2014 से लगातार छात्र-छात्राएं प्रदेश की मेरिट सूची में स्थान बनाते आ रहे हैं। वर्ष 2017 में विद्यालय के छात्रों ने हाईस्कूल में प्रदेश में प्रथम और इंटरमीडिएट में द्वितीय स्थान प्राप्त कर जनपद को गौरवान्वित किया था। इसी उत्कृष्ट प्रदर्शन के चलते विद्यालय को प्रतिवर्ष मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सम्मानित भी किया जाता रहा है। इस वर्ष भी छात्रों ने शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम प्रदेश की मेरिट सूची में दर्ज कराया है। इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाचार्य विनय प्रताप सिंह ने मेधावी विद्यार्थियों को मिष्ठान खिलाकर सम्मानित किया और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि इस सफलता का श्रेय शिक्षकों के अथक प्रयास और छात्रों की लगन व कड़ी मेहनत को जाता है। विद्यालय के प्रबंधक अजय प्रताप सिंह ने कहा कि सख्त अनुशासन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और शिक्षकों-विद्यार्थियों की मेहनत ही इस उत्कृष्ट परिणाम का आधार है। वहीं विद्यालय के संरक्षक शिवपाल पांडेय ने विद्यार्थियों को आशीर्वाद देते हुए उन्हें ईमानदारी और निष्ठा के साथ माता-पिता व देश की सेवा करने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं और विद्यार्थियों की इस सफलता पर गर्व व्यक्त किया।







