Home उत्तर प्रदेश हरपालगंज रेलवे स्टेशन पर शिवपुर–उतरेटिया मेमू का ठहराव शुरू, सांसद प्रतिनिधियों ने...

हरपालगंज रेलवे स्टेशन पर शिवपुर–उतरेटिया मेमू का ठहराव शुरू, सांसद प्रतिनिधियों ने दिखाई हरी झंडी

सांसद बाबू सिंह कुशवाहा के प्रयासों से वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी, क्षेत्रवासियों को आवागमन में मिलेगी बड़ी राहत

JAUNPUR NEWS: बदलापुर विधानसभा क्षेत्र के हरपालगंज रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार शिवपुर–उतरेटिया मेमू का नियमित ठहराव शुरू हो गया। जौनपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद बाबू सिंह कुशवाहा के प्रयासों से मिली इस सुविधा के शुभारंभ अवसर पर सांसद प्रतिनिधि जौनपुर मनोज मौर्य, सांसद प्रतिनिधि बदलापुर संजय यादव तथा समाजवादी पार्टी के बदलापुर विधानसभा अध्यक्ष रामजतन यादव ने ट्रेन  को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों एवं समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने ट्रेन के ठहराव का स्वागत किया। वक्ताओं ने कहा कि हरपालगंज रेलवे स्टेशन पर इस मेमू ट्रेन के ठहराव की मांग लंबे समय से क्षेत्र की जनता उठा रही थी। सांसद बाबू सिंह कुशवाहा ने इस मांग को रेल मंत्रालय के समक्ष लगातार प्रमुखता से उठाया, जिसके परिणामस्वरूप आज से ट्रेन का नियमित ठहराव शुरू हो गया। उन्होंने कहा कि इस सुविधा से बदलापुर विधानसभा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों, किसानों तथा अन्य यात्रियों को वाराणसी और लखनऊ की ओर आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी। साथ ही क्षेत्र की सामाजिक और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। सांसद प्रतिनिधि जौनपुर मनोज मौर्य ने कहा कि “हरपालगंज रेलवे स्टेशन पर मेमू ट्रेन का ठहराव क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग थी, जिसे सांसद बाबू सिंह कुशवाहा ने लगातार रेल मंत्रालय के समक्ष मजबूती से उठाया। आज यह मांग पूरी होने से हजारों यात्रियों को प्रतिदिन लाभ मिलेगा। सांसद जी जनहित के प्रत्येक मुद्दे को पूरी गंभीरता से उठाकर उसका समाधान कराने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।” बदलापुर सांसद प्रतिनिधि  संजय यादव  ने कहा कि “यह ठहराव बदलापुर विधानसभा की जनता के लिए बड़ी उपलब्धि है। सांसद बाबू सिंह कुशवाहा के अथक प्रयासों के कारण आज हरपालगंज रेलवे स्टेशन को यह सौगात मिली है। इससे विद्यार्थियों, व्यापारियों, किसानों और नौकरीपेशा लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। जनता के हितों और क्षेत्र के विकास के लिए सांसद जी का संघर्ष आगे भी इसी प्रकार जारी रहेगा।”