न्याय और आर्थिक सहायता की उठाई मांग
FATEHPUR NEWS: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के जिला अध्यक्ष वीर प्रकाश लोधी एडवोकेट के नेतृत्व में मंगलवार को एक प्रतिनिधिमंडल ने स्वर्गीय सौरभ मिश्रा उर्फ राजा मिश्रा के आवास पहुंचकर शोकाकुल परिवार से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया। बसपा नेताओं ने कहा कि 11 जून 2026 की रात लगभग 10 बजे सौरभ मिश्रा उर्फ राजा मिश्रा की कथित रूप से सुनियोजित साजिश के तहत हत्या कर दी गई। उन्होंने दावा किया कि घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ जाती है। प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष, गहन एवं प्रभावी जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की। साथ ही जिलाधिकारी के माध्यम से मृतक परिवार को आर्थिक एवं सामाजिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग उठाई। बसपा ने मांग की है कि मृतक की पत्नी को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए, उन्हें सरकारी नौकरी दी जाए तथा विधवा पेंशन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा मामले की सभी पहलुओं से निष्पक्ष जांच कर दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर जेल भेजने और उनके खिलाफ गैंगस्टर अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई करने की भी मांग की गई। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष महेश मिश्रा, बिंदा प्रसाद द्विवेदी, मंडल प्रभारी प्रयागराज अभिषेक प्रताप सिंह, सूर्य पाल लोधी, चंदन सिंह लोधी, जिला महासचिव सूर्य भवन फौजी, नगर अध्यक्ष गाजी अब्दुर रहमान, विधानसभा अध्यक्ष चेतराम गौतम, प्रताप पाल, जिला संयोजक बीवीएफ रोशन लाल गौतम, रामौतार, उदल प्रसाद, देशराज, भैरूलाल, प्रेम कैथल, राहुल गौतम, कल्लू कोरी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। बसपा नेताओं ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए पार्टी हर स्तर पर संघर्ष करेगी और प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा रखती है।







