समेकित जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान का होगा व्यापक संचालन
मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में हुई बैठक, विभागीय अधिकारियों को दिए गए समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश
KUSHINAGAR NEWS: शासनादेश के अनुपालन में जनपद में दिनांक 05 जून 2026 से 21 जून 2026 तक “सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान” के मूल भाव के साथ समेकित जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान का व्यापक स्तर पर संचालन किया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य केन्द्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों, विकास योजनाओं एवं उपलब्धियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना, पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से संतृप्त करना, जनसमस्याओं का त्वरित एवं मौके पर निस्तारण सुनिश्चित करना तथा पर्यावरण संरक्षण एवं जनभागीदारी को सुदृढ़ बनाना है। उक्त अभियान के सफल संचालन हेतु आज मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों, खण्ड विकास अधिकारियों एवं अधिशासी अधिकारियों (नगर पालिका/नगर पंचायत) के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। मुख्य विकास अधिकारी ने बैठक में कहा कि यह अभियान केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि शासन की योजनाओं को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू कर जन-जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक कार्यक्रम को गंभीरता, पारदर्शिता एवं पूर्ण जिम्मेदारी के साथ संचालित किया जाए। उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत विभिन्न तिथियों में विविध गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी, जिनमें 05 जून को “एक पेड़–माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत व्यापक वृक्षारोपण, 08 से 14 जून तक जनसम्पर्क एवं जनजागरूकता कार्यक्रम, 14 से 16 जून तक जनकल्याण एवं स्वास्थ्य मेले, 16 से 17 जून तक “विकसित भारत संकल्प सम्मेलन”, 17 से 20 जून तक विकास प्रदर्शनी, 18 से 19 जून तक प्राकृतिक खेती कार्यशालाएँ तथा 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन शामिल है। मुख्य विकास अधिकारी ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि वृक्षारोपण कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम पंचायतों, विद्यालयों, अमृत सरोवरों, सड़कों, नहरों एवं सार्वजनिक स्थलों पर स्थानीय एवं फलदार वृक्षों का रोपण सुनिश्चित किया जाए तथा पौधों के संरक्षण की भी प्रभावी व्यवस्था की जाए।
उन्होंने कहा कि जनकल्याण एवं स्वास्थ्य मेलों में सभी विभागों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए तथा पात्र लाभार्थियों का अधिकतम पंजीकरण किया जाए। साथ ही योजनाओं के संबंध में जनसामान्य को सरल भाषा में जानकारी उपलब्ध कराई जाए ताकि अधिक से अधिक लोग योजनाओं से लाभान्वित हो सकें।
मुख्य विकास अधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि अभियान के दौरान आयोजित सभी गतिविधियाँ पूर्णतः प्लास्टिक मुक्त हों तथा स्वच्छता, अनुशासन एवं पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता दी जाए। कार्यक्रम स्थलों पर पेयजल, छाया, बैठने की समुचित व्यवस्था एवं स्वास्थ्य सुविधाएँ अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाएँ। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक कार्यक्रम की दैनिक प्रगति रिपोर्ट, फोटोग्राफ्स एवं वीडियो क्लिपिंग्स के साथ सूचना विभाग को उपलब्ध कराई जाए, जिससे अभियान की प्रभावी मॉनिटरिंग एवं व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित हो सके। मुख्य विकास अधिकारी ने अंत में कहा कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय एवं टीम भावना के साथ कार्य करते हुए इस जन-कल्याणकारी अभियान को सफल बनाएं ताकि शासन की मंशा के अनुरूप विकास एवं सुशासन को जन-जन तक पहुँचाया जा सके।







