जंतर – मंतर के प्रभाव का फतेहपुर में भी दिखा असर, जेन – जी और अल्फा जेनेरेशन के छात्रों ने किया हल्लाबोल
छात्रों की गूंज से हिला प्रशासन, मौके पर पहुंचकर दिया त्वरित समाधान का आश्वासन
FATEHPUR NEWS: किशनपुर कस्बा स्थित सहायता प्राप्त सर्वोदय इंटर कॉलेज में मंगलवार को छात्र-छात्राओं ने मूलभूत सुविधाओं की कमी और शुल्क संबंधी शिकायतों को लेकर प्रदर्शन किया। करीब पांच घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) और तहसीलदार के आश्वासन पर छात्र शांत हुए। सुबह विद्यालय खुलते ही बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं हाथों में तख्तियां लेकर कॉलेज परिसर में पहुंचे और नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शन में कक्षा 6 से 12 तक के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए। छात्रों ने आरोप लगाया कि विद्यालय में पेयजल, बिजली, पंखे, फर्नीचर, कंप्यूटर लैब, लाइब्रेरी और खेलकूद जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। साथ ही मार्कशीट और अन्य दस्तावेजों के नाम पर अतिरिक्त धनराशि वसूले जाने की भी शिकायत की। छात्रों का कहना था कि कई बार विद्यालय प्रशासन को समस्याओं से अवगत कराया गया, लेकिन कोई समाधान नहीं किया गया। उन्होंने मांग की कि सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और शुल्क संबंधी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराई जाए। सूचना पर थाना प्रभारी किशनपुर मनीष सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में तहसीलदार और जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार ने छात्रों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद दोपहर में छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया। विद्यालय के प्रधानाचार्य लाल बहादुर सिंह ने बताया कि छात्र अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। अधिकारियों ने उनसे वार्ता कर समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया है। विद्यालय स्तर पर जिन सुविधाओं की व्यवस्था संभव होगी, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। वहीं म,मामले की गंभीरता देखते हुए जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने तत्काल प्रभाव से तहसील प्रशासन के साथ ही जिला विद्यालय निरीक्षक को मामले में दखल देते हुए समाधान कराने का आदेश दिया जिसके बाद तहसीलदार खागा स्थानीय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर छात्रों की मांगे सुनीं और जिला विद्यालय निरीक्षक ने समाधान का आश्वासन दिया। इस पूरे मामले में डीआईओएस राकेश कुमार ने बताया कि छात्रों की शिकायतों की जांच कराई जाएगी। पेयजल, बिजली, बैठने की व्यवस्था, कंप्यूटर लैब, लाइब्रेरी, खेलकूद तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं में सुधार के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। अतिरिक्त शुल्क वसूली की शिकायतों की भी जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
क्या बोले जिम्मेदार
डीआईओएस राकेश कुमार ने कहा कि विद्यालय में स्वच्छ पेयजल, बिजली, पंखे, बैठने की व्यवस्था, कंप्यूटर लैब, पुस्तकालय, खेल मैदान, शौचालयों की साफ-सफाई तथा शुल्क संबंधी शिकायतों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने छात्रों को भरोसा दिलाया कि उनकी जायज मांगों पर प्राथमिकता से अमल कराया जाएगा।







