थानाध्यक्ष मनीष द्विवेदी के नेतृत्व में अटल चैराहा पर राहगीरों को पिलाया शरबत व बांटा जलपान
BHADOHI NEWS: भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप के बीच सुरियावां थाना पुलिस ने मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए नगर के अटल चैराहा पर निःशुल्क शरबत एवं जलपान अभियान चलाया। थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष द्विवेदी के नेतृत्व में आयोजित इस सेवा अभियान में राहगीरों, वाहन चालकों, मजदूरों एवं आमजन को ठंडा शरबत, पानी तथा जलपान वितरित कर गर्मी से राहत पहुंचाई गई।
इस दौरान अटल चैराहा पर गुजरने वाले लोगों को रोककर पुलिसकर्मियों ने स्वयं शरबत पिलाया और लोगों से स्वास्थ्य का ध्यान रखने की अपील की। तेज धूप में चल रहे इस अभियान को देखकर आम लोगों ने पुलिस के इस मानवीय प्रयास की जमकर सराहना की। थानाध्यक्ष मनीष द्विवेदी ने कहा कि लगातार बढ़ रही गर्मी में लोगों को राहत देना पुलिस की सामाजिक जिम्मेदारी का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि पुलिस केवल सुरक्षा व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के हर सुख-दुःख में सहभागी बनकर सेवा कार्यों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती है। उन्होंने लोगों से धूप में निकलते समय सावधानी बरतने, पर्याप्त पानी पीने और जरूरतमंदों की मदद करने की अपील भी की। इस दौरान पुलिस टीम के जवानों ने पूरे उत्साह के साथ राहगीरों को शरबत और जलपान वितरित किया। अभियान में स्थानीय व्यापारियों, समाजसेवियों एवं क्षेत्रीय नागरिकों का भी सहयोग देखने को मिला। कई लोगों ने पुलिस के इस प्रयास को मानवता की मिसाल बताते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और पुलिस-जनता के रिश्तों को मजबूत बनाते हैं।अभियान के दौरान अटल चैराहा पर कुछ समय के लिए सेवा और सहयोग का अनूठा माहौल देखने को मिला। राहगीरों ने सुरियावां पुलिस को धन्यवाद देते हुए इस पहल की प्रशंसा की। इस मौके पर उपनिरीक्षक योगेंद्रनाथ यादव, चंदन कुमार, महेश कुमार, नरेंद्र मिश्र, महिला कांस्टेबल सोनल व नीलम सहित स्थानीय नागरिक एवं समाजसेवी मौजूद रहे।







