FATEHPUR NEWS: शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा” जन-जागरूकता अभियान के तहत मंगलवार को सिटी पब्लिक इंटर कॉलेज, प्रेमनगर में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पुलिस अधीक्षक फतेहपुर अभिमन्यु मांगलिक तथा भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के प्रोजेक्ट डायरेक्टर पंकज यादव के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य शुभम साहू एवं प्रबंधक शहंशाह आलम की उपस्थिति में विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा संबंधी पंपलेट वितरित किए गए तथा यातायात नियमों के पालन, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, सुरक्षित वाहन संचालन, सड़क पार करने के सही तरीके तथा सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों की विस्तार से जानकारी दी गई। राजस्थान सरकार द्वारा राज्य स्तरीय सड़क सुरक्षा पुरस्कार से सम्मानित वरिष्ठ सीएसआर मैनेजर फिरोज़ खान ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन केवल स्वयं के लिए ही नहीं, बल्कि अन्य लोगों के जीवन के लिए भी खतरा बनता है। उन्होंने कहा कि यदि युवा वर्ग शुरू से ही सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करना सीख जाए तो सड़क दुर्घटनाओं में काफी कमी लाई जा सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों से जिम्मेदार नागरिक बनने और स्वयं नियमों का पालन करने के साथ दूसरों को भी जागरूक करने का आह्वान किया। विद्यालय के प्रबंधक शहंशाह आलम ने कहा कि विद्यार्थियों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता विकसित करना आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। ऐसे जागरूकता कार्यक्रम बच्चों में जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं और समाज में सुरक्षित यातायात संस्कृति को बढ़ावा देते हैं। कार्यक्रम के अंत में लगभग 700 छात्र-छात्राओं ने सड़क सुरक्षा की शपथ ली। विद्यार्थियों ने यातायात नियमों का पालन करने के साथ-साथ अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर जितेंद्र कुमार, जयचंद सिंह, धर्मेंद्र कुमार, राजू सिंह सहित विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Home उत्तर प्रदेश सिटी पब्लिक इंटर कॉलेज में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान आयोजित, 700 विद्यार्थियों...







