KAUSHAMBI NEWS: कोखराज थाना क्षेत्र के मीरापुर मजरा, शहजादपुर निवासी राकेश कुमार का 10 वर्षीय पुत्र सत्यम शनिवार सुबह करीब आठ बजे घर के बाहर सड़क पर छोटी साइकिल चला रहा था। काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर स्वजन ने उसकी तलाश शुरू की। आसपास और गांव में काफी खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। करीब 11 बजे तक सत्यम के घर वापस न आने पर स्वजनों की चिंता बढ़ गई और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सत्यम गांव के ही प्राथमिक पाठशाला मीरापुर में कक्षा चार का छात्र है। स्वजनों के अनुसार, शनिवार सुबह वह नीले रंग की फुल कमीज पहनकर घर से निकला था और नीले रंग की छोटी साइकिल चला रहा था। इसके बाद वह किस ओर गया, इसकी जानकारी नहीं हो सकी। स्वजनों और ग्रामीणों ने आसपास के संभावित स्थानों पर काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस को सूचना मिलने के बाद कोखराज की शहजादपुर पुलिस चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बालक का फोटो और आधार कार्ड लेकर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के साथ स्वजन और ग्रामीण भी बालक की खोजबीन में जुटे हुए हैं।







