Home उत्तर प्रदेश सड़क हादसे में घायल महिला की इलाज के दौरान मौत

सड़क हादसे में घायल महिला की इलाज के दौरान मौत

कानपुर के हैलट अस्पताल में तोड़ा दम, परिवार में मचा कोहराम
FATEHPUR NEWS: जनपद में एक दर्दनाक सड़क हादसे में घायल हुई 51 वर्षीय महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना गुरुवार की है, जब बाइक ब्रेकर से उछलने के कारण महिला गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। उन्हें तत्काल कानपुर के हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतका की पहचान पवन कुमारी के रूप में हुई है, जो जाफरगंज थाना क्षेत्र के कंधयी प्रधान का डेरा, मजरे धौरहरा की निवासी थीं। बताया जा रहा है कि वह अपने भाई रामबहादुर के साथ बीमार बेटी पारुल से मिलने जा रही थीं। गुरुवार को वह चाँदपुर थाना क्षेत्र के चकलाला, मजरे दपसौरा स्थित अपने मायके आई थीं, जहां से दोनों भाई-बहन बाइक से सिकंदरपुर गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गांव के किनारे पहुंचते ही सड़क पर बने ब्रेकर से बाइक उछल गई, जिससे पवन कुमारी संतुलन खोकर सड़क पर गिर पड़ीं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए कानपुर के हैलट अस्पताल ले जाया गया, जहां शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे उनकी मौत हो गई। पवन कुमारी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। उनके बेटे अनूप कुमार और बेटियां पारुल व गरिमा देवी गहरे सदमे में हैं। परिजनों ने यमुना घाट धौरहरा में मृतका का अंतिम संस्कार कर दिया। यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और अनियोजित ब्रेकरों की समस्या पर सवाल खड़े करता है, जो आए दिन दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं।