Home उत्तर प्रदेश संदिग्ध परिस्थितियों में बालिका की मौत डेढ़ सप्ताह पूर्व बालिका को कुत्ते...

संदिग्ध परिस्थितियों में बालिका की मौत डेढ़ सप्ताह पूर्व बालिका को कुत्ते ने काटा था

AURAIYA NEWS: फफूंद थाना क्षेत्र के गुलाबपुर गांव में मंगलवार को एक 10 वर्षीय बालिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजन उसे इलाज के लिए कानपुर ले जा रहे थे,लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत के कारणों का खुलासा रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। गुलाबपुर निवासी रविंद्र सिंह की पुत्री गुंजन (10) को 15 मई को गांव में एक कुत्ते ने काट लिया था। घटना के बाद परिजनों ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दिबियापुर ले जाकर एंटी-रेबीज वैक्सीन की पहली खुराक लगवाई। इसके बाद 18, 22 और 29 मई को निर्धारित अन्य खुराकें भी दिलाई गईं। परिजनों के अनुसार अंतिम खुराक लगने के बाद उसी शाम से बच्ची को गले में दर्द, गला जाम होने और बुखार की शिकायत होने लगी। हालत बिगड़ने पर 31 मई को उसे चिचौली स्थित सौ शैय्या अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां परिजनों ने चिकित्सकों को बुखार और गले की समस्या की जानकारी दी, लेकिन कुत्ते के काटने की घटना नहीं बताई। स्वास्थ्य में सुधार न होने पर एक जून को परिजन बच्ची को घर ले आए। मंगलवार को तबीयत और बिगड़ने पर उसे एक निजी चिकित्सक को दिखाया गया। चिकित्सक ने गंभीर स्थिति देखते हुए तत्काल उच्च केंद्र ले जाने की सलाह दी। परिजन उसे उपचार के लिए कानपुर लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।सीएचसी दिबियापुर के अधीक्षक डॉ. विजय आनंद ने बताया कि बच्ची को समय पर एंटी-रेबीज वैक्सीन की सभी खुराकें लगाई गई थीं।पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। थाना प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार ने बताया कि परिजनों के अनुरोध पर शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मामले में अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।