Home अमेठी शिशु वाटिका प्रशिक्षण का द्वितीय दिवस संपन्न

शिशु वाटिका प्रशिक्षण का द्वितीय दिवस संपन्न

AMETHI NEWS: क्षेत्र में विद्या भारती काशी प्रांत द्वारा आयोजित दस दिवसीय प्रांतीय शिशु वाटिका प्रशिक्षण वर्ग का द्वितीय दिवस सरस्वती शिक्षा मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, ग्राम भारती, परतोष (मुंशीगंज), अमेठी के विशाल सभागार में संपन्न हुआ। प्रशिक्षण वर्ग के द्वितीय दिवस के वंदना सत्र में मुख्य अतिथि भारतीय शिक्षा समिति काशी प्रांत के प्रदेश निरीक्षक शेषधर द्विवेदी एवं प्रांतीय प्रचार प्रमुख तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य संतोष कुमार मिश्र ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं पुष्पार्चन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का संचालन ऊषा दीदी ने किया तथा अतिथियों का परिचय कराया। विद्यालय के प्रधानाचार्य संतोष कुमार मिश्र ने मुख्य अतिथि शेषधर द्विवेदी का अंगवस्त्र एवं श्रीफल भेंट कर स्वागत किया। प्रांत प्रमुख मीरा दीदी ने अपने अनुभवों के आधार पर विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से बालकों के प्रभावी एवं रोचक शिक्षण की प्रस्तुति दी। प्रशिक्षण वर्ग में सहभागिता कर रही 74 बहनों ने बाल शिक्षा के विविध आयामों का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
प्रशिक्षण के दौरान शिशुओं के सर्वांगीण विकास हेतु खेल आधारित शिक्षण, गीत, कथाएं, हस्तकला, शिक्षण सामग्री निर्माण तथा संस्कारपूर्ण वातावरण के निर्माण से संबंधित विभिन्न विधियों का अभ्यास कराया गया। प्रतिभागी बहनों ने रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से पंचकोषीय विकास की अवधारणा को समझते हुए आनंदमय वातावरण में बच्चों को शिक्षित करने की विभिन्न तकनीकों का प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण वर्ग में उपस्थित बहनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए बाल शिक्षा को अधिक प्रभावी, संस्कारयुक्त एवं आनंददायी बनाने के संकल्प के साथ विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया।