Home उत्तर प्रदेश शिक्षा मित्रों के सम्मान में आयोजित किया गया भव्य समारोह

शिक्षा मित्रों के सम्मान में आयोजित किया गया भव्य समारोह

उनके मानदेय बढ़ोतरी के उपलक्ष्य में आयोजित किए गए कार्यक्रम के दौरान शिक्षा मित्र किए गए सम्मानित
BHADOHI NEWS: सूबे की सरकार द्वारा शिक्षा मित्रों के सम्मान में मानदेय 10 हजार से बढ़ाकर 18 हजार रुपए किए जाने पर मंगलवार को पंचायत सभागार, विकास भवन में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी, विधायक ज्ञानपुर विपुल दूबे, विधायक औराई दीनानाथ भास्कर एवं भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मिश्र, सांसद प्रतिनिधि संजय कुमार बिंद व विशिष्ट अतिथि के रूप में डीएम शैलेश कुमार एवं सीडीओ बालगोविंद शुक्ल मौजूद रहे। कार्यक्रम के शुभारंभ में बीएसए ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। तत्पश्चात कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं ने मधुर स्वागत गान एवं आकर्षक सांस्कृतिक नृत्य की प्रस्तुति दी। जिसने कार्यक्रम को जीवंत बना दिया और उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के गोरखपुर में आयोजित शिक्षा मित्र सम्मान कार्यक्रम का सजीव प्रसारण दिखाया गया। उसके पश्चात डीएम ने जनपद में बेसिक शिक्षा विभाग के नामांकन एवं शैक्षिक गुणवत्ता के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। बताया कि स्कूल चलों अभियान के अंतर्गत नवीन नामांकन 23682 हुआ है। प्रदेश में भदोही प्रथम स्थान प्राप्त किया है। आकांक्षी विकासखंड औराई के नामांकन में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर बेसिक शिक्षा टीम को बधाई दी। डीएम ने कहा कि शिक्षा मित्रों का योगदान शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा नामांकन एवं पंजीकरण की गति को और तेज करते हुए प्रत्येक बच्चे तक शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित की जानी चाहिए। भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मिश्र ने कहा कि शिक्षा मित्रों का मानदेय 10 हजार से 18 हजार रुपए की बढ़ोतरी की गई है। विधायक ज्ञानपुर विपुल दूबे ने शिक्षा मित्रों के समर्पण, मेहनत और जिम्मेदारी की सराहना की। विधायक औराई दीनानाथ भास्कर ने कहा कि सरकार शिक्षा मित्रों के योगदान को भलीभांति समझती है और उनके हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी ने कहा कि शिक्षा मित्र शिक्षा व्यवस्था की रीढ़ हैं। सीडीओ ने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार के लिए शिक्षकों एवं शिक्षा मित्रों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। कार्यक्रम के दौरान प्रत्येक विकासखंड के 2 महिला एवं 2 पुरुष शिक्षा मित्रों को अतिथियों ने सम्मानित किया। इस मौके पर डीडीओ ज्ञानप्रकाश, डीसी मनरेगा राजाराम, डिप्टी एनआरएलएम, बीएसए शिवम पांडेय एवं संबंधित विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।