बडी संख्या में लोगों ने महर्षि भारद्वाज की मूर्ति के सामने
किया विरोध प्रदर्शन
प्रयागराज। श्रृंगवेरपुर धाम के पीठाधीश्वर जगदगुरू नारायणाचार्य स्वामी शाडिल्य महराज के नेतृत्व में बडी संख्या में सनातनियों ने आज महर्षि भारद्वाज ऋषि की बालसन चौराहे पर स्थित प्रतिमा के समक्ष जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान केन्द्र और प्रदेश सरकार से संगम नामक शराब के ब्रांड को तुरंत बंद कराने और इसके मालिक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग किया है। उन्होंने कहा कि संगम पर माघ मेला, अर्द्धकुंभ और महाकुम्भ जैसे सनातन धर्म के जीवंत और करोडो श्रद्धालुओं के आस्था से जुडा भव्य आयोजन होता है लेकिन चंद लोग अपने स्वार्थ के लिये सनातन धर्म को बदनाम करने मे लगे हुए है। पीठाधीश्वर जगदगुरू नारायणाचार्य स्वामी शाडिल्य महराज ने कहा कि केन्द्र और प्रदेश में सनातनधर्मावलंबियों की सरकार है लेकिन सबसे ज्यादा कुठाराघात सनातन धर्म पर हो रहा है क्योंकि करोडो सनातन धर्मावलंबियों की आस्था और विश्वास का केन्द्र संगम है और संगम के नाम पर शराब की ब्रांड बाजारों में धडल्ले से बिक रही है। उन्होंने कहा कि सरकार इस मामले को गंभीरता से लेते हुए संगम ब्रांड शराब को तुरंत बंद कराए और उसके मालिक के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें नही तो बडी संख्या में संत, महात्मा शिष्यों सहित लखनऊ और दिल्ली मे धरना प्रदर्शन के लिए बाध्य होगे जिसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी। धरना प्रदर्शन में अंतर्राष्ट्रीय मूंछ नर्तक राजेन्द्र तिवारी दुकान, वरिष्ठ समाजसेवी दुर्गेश द्विवेदी सहित सनातन धर्म के बडी संख्या मे लोग और बटुक थे।





