Home उत्तर प्रदेश विनी बनीं स्कूल कैप्टन तो अनय को मिली वाइस कैप्टन की जिम्मेदारी

विनी बनीं स्कूल कैप्टन तो अनय को मिली वाइस कैप्टन की जिम्मेदारी

छात्र नेताओं ने ली अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा की शपथ, प्रयाग पब्लिक स्कूल में अलंकरण समारोह का आयोजन।
PRAYAGRAJ NEWS: प्रयाग पब्लिक स्कूल, लालगोपालगंज में नए शैक्षणिक के लिए अलंकरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के भीतर नेतृत्व, अनुशासन, सेवा-भावना और कर्तव्यनिष्ठा जैसे मूल्यों का बीजारोपण करना था। समारोह के दौरान नव-नियुक्त छात्र पदाधिकारियों को उनके पदों एवं उत्तरदायित्वों से औपचारिक रूप से परिचित कराया गया।विद्यालय परिसर उस समय उत्साह और गौरव से गुंजायमान हो उठा, जब छात्र प्रतिनिधि अपने निर्धारित पदों के अनुसार मंच पर उपस्थित हुए। विद्यालय छात्र परिषद में विनी त्रिपाठी को स्कूल कैप्टन तथा अनय शुक्ला को वाइस कैप्टन की महत्त्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई। हाउस व्यवस्था के अंतर्गत येलो हाउस कैप्टन शिवांश चैरसिया, ब्लू हाउस कैप्टन श्रेया राज पाण्डेय, ग्रीन हाउस कैप्टन हिमांशु शुक्ला तथा रेड हाउस कैप्टन मोहम्मद अहमद बनाए गए। सभी पदाधिकारियों एवं बैज धारकों को आधिकारिक बैज पहनाए गए, जिसके बाद उन्होंने सामूहिक रूप से पद और निष्ठा की शपथ ली। समारोह को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रबंधक सुशील कुमार तिवारी ने कहा कि नेतृत्व केवल पद प्राप्त करना नहीं, बल्कि त्याग और जिम्मेदारी का उदाहरण बनना है। प्रधानाचार्य फ्रेडरिक रिचर्ड हनवे ने छात्र नेताओं को सभी साथियों को साथ लेकर चलने का संदेश दिया, वहीं उप-प्रधानाचार्या कंचन श्रीवास्तव ने नेतृत्व के साथ-साथ नम्रता और अध्ययन पर ध्यान केंद्रित रखने का आह्वान किया। अंत में विद्यालय परिवार ने सभी युवा छात्र नेताओं को उनके सफल कार्यकाल की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।