Home उत्तर प्रदेश विधायक ने मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय निर्माण कार्य  का किया निरीक्षण

विधायक ने मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय निर्माण कार्य  का किया निरीक्षण

JAUNPUR NEWS:  बदलापुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अंगराह में प्रस्तावित मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय के निर्माण कार्य का विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने रविवार की शाम प्रशासनिक टीम के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों के साथ परियोजना की रूपरेखा और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।  निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर की संभावित रूपरेखा, भूमि की स्थिति और निर्माण से जुड़ी आवश्यक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। यह विद्यालय उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत विकसित किया जा रहा है, जिसमें प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 12 तक की पढ़ाई एक ही परिसर में उपलब्ध होगी। विद्यालय को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा, जिसमें स्मार्ट क्लास, डिजिटल लाइब्रेरी, कंप्यूटर लैब, छात्रावास (हॉस्टल) और खेल-कूद की उन्नत सुविधाएं शामिल होंगी। विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने कहा कि “मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय योजना प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में एक क्रांतिकारी कदम है। अंगराह गांव में इस विद्यालय के निर्माण से क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक और तकनीकी शिक्षा का लाभ मिलेगा। यह विद्यालय ग्रामीण क्षेत्र के छात्रों के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगा और उनके भविष्य को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। हम इस परियोजना को जल्द से जल्द पूर्ण कराने के लिए लगातार प्रयासरत हैं।” उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि गांवों में भी शहरों जैसी शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध हों, ताकि किसी भी बच्चे को बेहतर शिक्षा से वंचित न रहना पड़े।इस मौके पर डीएम डॉ दिनेश चंद्र, बीएसए डॉ गोरखनाथ पटेल, उपजिलाधिकारी योगिता सिंह, तहसीलदार योगेन्द्र पांडेय सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।