SIDHARTHNAGAR NEWS: केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विकसित भारत संकल्प सम्मेलन 2026 के अंतर्गत प्रबुद्ध सम्मेलन का आयोजन अम्बेडकर सभागार में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद डुमरियागंज जगदम्बिका पाल की अध्यक्षता में विधायक बांसी जय प्रताप सिंह, विधायक कपिलवस्तु श्यामधनी राही, विधायक शोहरतगढ़ विनय वर्मा, पूर्व मंत्री/विधायक डॉ सतीश चन्द्र द्विवेदी तथा भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्य की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इसके पश्चात छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। जिला विकास अधिकारी द्वारा सभी अतिथियों का अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ एवं पौधा भेंट कर स्वागत किया गया। सांसद जगदम्बिका पाल ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने पिछले 12 वर्षों में वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसे युवाओं, मातृशक्ति एवं प्रबुद्ध वर्ग के सहयोग से ही प्राप्त किया जा सकता है। सरकार बिना भेदभाव के सभी वर्गों के लिए योजनाएं संचालित कर रही है। विधायक जय प्रताप सिंह ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश में तीव्र गति से विकास हुआ है और भारत की अर्थव्यवस्था विश्व में चौथे स्थान पर पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि आज भारत वैश्विक निवेश का केंद्र बनता जा रहा है और रोजगार के अवसर तेजी से बढ़ रहे हैं। विधायक श्यामधनी राही ने कहा कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश व जनपद में विकास कार्यों को नई गति मिली है। उन्होंने आवास, किसान सम्मान निधि एवं आयुष्मान योजना जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे आमजन को सीधा लाभ मिल रहा है।विधायक विनय वर्मा ने कहा कि जनपद में आधारभूत संरचना के विकास के साथ-साथ विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने सभी से विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में सहयोग की अपील की।पूर्व मंत्री डॉ सतीश चन्द्र द्विवेदी ने कहा कि देश को पुनः समृद्ध एवं सशक्त बनाने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने कृषि, उद्योग, शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में हुए सकारात्मक परिवर्तनों पर प्रकाश डाला।भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्य ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक है और सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है।कार्यक्रम में प्राचार्य अरविंद सिंह, अभय श्रीवास्तव सहित अन्य प्रबुद्धजनों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि एसपी अग्रवाल, डीसी मनरेगा संदीप सिंह, जिला विकास अधिकारी राजमणि वर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक अरुण कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश कुमार सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।







